Chenab Railway Bridge : दुनिया के सबसे ऊंचे ब्रिज का आज उद्घाटन करेंगे PM मोदी, वंदे भारत ट्रेन के साथ रचेगा इतिहास

Chenab Railway Bridge : कश्मीर को ट्रेन के जरिए देश के बाकी हिस्से से जोड़ने की दिशा में आज शुक्रवार यानी 6 जून की तारीख इतिहास में दर्ज होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे पुल (Chenab Railway Bridge) का उद्घाटन करने के साथ ही श्रीनगर और कटरा के बीच चलने वाली दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इस खंड के लिए वंदे भारत ट्रेनों को खास तरीके से डिजाइन किया गया है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल संपर्क (यूएसबीआरएल) परियोजना के निर्माण में मेहनत और इंजीनियरिंग के अद्भुत कौशल का समावेश है। यहां एक रेलवे संग्रहालय का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो दवाइयों की पहुंच: मुख्यमंत्री साय
272 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-बारामूला रेल लाइन (USBRL) के अंतिम हिस्से काजीगुंड-बारामूला खंड पर जो कि 118 किलोमीटर लंबा है, इसकी शुरुआतअक्टूबर 2009 में हो गई थी। इसके बाद काजीगुंड एवं बनिहाल के बीच 18 किलोमीटर हिस्से पर जून 2013 में, उधमपुर-कटरा (25 किलोमीटर) जुलाई 2014 में और बनिहाल-संगलादन (48.1KM) खंड की शुरुआत फरवरी 2024 में हुई। रेल परियोजना के बाकी बचे हिस्से कटरा-संगावदान (63 किलोमीटर) हिस्से का उद्घाटन प्रधानमंत्री छह जून को करने वाले हैं। इसी खंड पर चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे पुल को भी वह राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
चिनाब नदी के निर्माण में 1,400 करोड़ रुपए की लागत आई है। यह दुनिया का सबसे ऊंचा और आर्च ब्रिज है। नदी से इस पुल की ऊंचाई 359 मीटर है और यह पेरिस के एफिल टावर से करीब 35 मीटर ऊंचा है।
सात जून से शुरू होगी सेवा
जम्मू कश्मीर में कटरा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा सात जून से आम लोगों के लिए शुरू ही जाएगी। उत्तर रेलवे ने बताया कि भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने इसके लिए अग्रिम बुकिंग बृहस्पतिवार शाम से शुरू कर दी। उत्तर रेलवे के अनुसार, कटरा से श्रीनगर के बीच दो वंदे भारत ट्रेन दिन में चार फेरे लगाएंगी। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, ‘इस ट्रेन में दो श्रेणियां चेयर कार (सीसी) और एक्जिक्यूटिव क्लास (ईसी) हैं और टिकट की दर क्रमश: 715 रुपये और 1,320 रुपये है।’
पहली ट्रेन कटरा से सुबह 8:10 बजे रवाना होगी और 11:08 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। यही ट्रेन अपराह्न 2 बजे श्रीनगर से वापस आएगी और शाम 4:58 बजे कटरा पहुंचेगी। यह ट्रेन सेवा मंगलवार को उपलब्ध नहीं होगी। इसी तरह एक और ट्रेन कटरा से अपराह्न 2:55 बजे रवाना होगी और शाम 5:53 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। यही ट्रेन अगले दिन सुबह 8 बजे श्रीनगर से वापस आएगी। यह सेवा बुधवार को संचालित नहीं होगी। एक अधिकारी ने कहा, ‘लगभग 3 घंटे की यात्रा के दौरान, अभी ट्रेनें केवल बनिहाल में रुकेंगी, लेकिन बाद में अन्य ठहराव के बारे में भी निर्णय लिया जाएगा।’
आईआरसीटीसी के एक अधिकारी ने कहा, ‘यात्रा के दौरान यात्रियों को शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा जिसमें कुछ स्थानीय व्यंजन शामिल होंगे।’रेल मंत्रालय ने कहा, ‘रेल संपर्क बढ़ने से यात्रियों को खीर भवानी मंदिर, मार्तंड सूर्य मंदिर में जाने और अमरनाथ यात्रा में शामिल होने में सुविधा मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।’ मंत्रालय ने कहा कि इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेनें विशेष रूप से ‘एंटी-फ्रीजिंग’ तकनीक के साथ डिजाइन की गई हैं, ताकि अत्यधिक ठंड में पानी और बायो-टॉयलेट को जमने से रोका जा सके। (Chenab Railway Bridge)



