Google Analytics —— Meta Pixel

महाराष्ट्र में फंसे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों की घर वापसी, दो महीने से झेल रहे थे शोषण; प्रशासन ने कराया मुक्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़। रोजगार की उम्मीद लेकर महाराष्ट्र गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को आखिरकार राहत मिल गई है। महाराष्ट्र के सोलापुर में कथित तौर पर बंधक जैसी परिस्थितियों में रखकर उनसे काम कराए जाने की शिकायत पर छत्तीसगढ़ प्रशासन ने कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र पहुंचकर सभी श्रमिकों को मुक्त कराया और 20 नवंबर को सुरक्षित उनके घर पहुंचा दिया। वापस लौटने वालों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं।

मुक्त कराए गए श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 लोग शामिल हैं। करीब दो महीने से मजदूरी और बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान श्रमिकों की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की।

रोजगार का भरोसा देकर ले गए थे महाराष्ट्र

मामले का खुलासा सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत उलखर के एक श्रमिक की शिकायत के बाद हुआ। उसने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि महाराष्ट्र के सोलापुर में रोजगार दिलाने का भरोसा देकर गांव के कई लोगों को वहां ले जाया गया है।

श्रमिकों को गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम में लगाया गया था। उन्हें रहने, खाने, इलाज और हर सप्ताह मजदूरी देने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन महाराष्ट्र पहुंचने के बाद कथित तौर पर उन्हें वादे के मुताबिक सुविधाएं नहीं मिलीं।

सुबह से रात तक कराया जाता था काम, मजदूरी भी नहीं मिली

श्रमिकों की शिकायत के अनुसार, उनसे सुबह से लेकर रात करीब 9 बजे तक काम कराया जाता था। इसके बावजूद साप्ताहिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन नहीं मिलने और बीमारी की स्थिति में भी काम कराने के आरोप लगाए गए।

शिकायत में मारपीट और दुर्व्यवहार की बात भी सामने आई। लगातार परेशानियों के चलते श्रमिकों ने प्रशासन से उन्हें मजदूरी का भुगतान दिलाने और सुरक्षित घर वापस लाने की मांग की थी।

कलेक्टर के निर्देश पर महाराष्ट्र पहुंची प्रशासनिक टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम निरीक्षक डोलमनी माही, राजस्व निरीक्षक दीपक पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश रजक और आरक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा को शामिल करते हुए संयुक्त टीम बनाई गई।

टीम महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंची और वहां मौजूद श्रमिकों से बातचीत कर शिकायतों की जांच की। जांच में श्रमिकों से कथित तौर पर बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का काम कराए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया।

तीन जिलों के श्रमिकों को सुरक्षित घर पहुंचाया

प्रशासन की पहल पर सभी श्रमिकों की छत्तीसगढ़ वापसी की व्यवस्था की गई। 20 नवंबर को बचाव दल के साथ सभी श्रमिक अपने गृह ग्राम पहुंच गए। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 लोग शामिल हैं। वहीं जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक भी सुरक्षित लौटे।

करीब दो महीने बाद अपने परिजनों के बीच पहुंचे श्रमिकों ने राहत की सांस ली। परिवारों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार जताया।

दूसरे राज्यों में काम पर जाने से पहले सावधानी बरतने की अपील

इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाने वाले श्रमिकों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि अनजान ठेकेदारों और बिचौलियों के भरोसे दूसरे राज्यों में काम करने न जाएं। रोजगार स्वीकार करने से पहले ठेकेदार, कार्यस्थल और मजदूरी से जुड़ी शर्तों की पूरी जानकारी हासिल करें।

इसके साथ ही श्रमिकों को श्रम विभाग में पंजीयन कराने की सलाह दी गई है। दूसरे राज्यों में काम के दौरान मजदूरी नहीं मिलने, शोषण या बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति सामने आने पर तत्काल श्रम विभाग अथवा पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!