क्या छत्तीसगढ़ के बाजारों में खपाया जा रहा था नकली पनीर? 1500 किलो की खेप जब्त, जांच शुरू
खैरागढ़ के साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस ने 1500 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा। खाद्य विभाग को एनालॉग पनीर होने का शक, लैब जांच के लिए लिए गए नमूने।

खैरागढ़। मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ के बाजारों में खपाने के लिए लाई जा रही 1500 किलो संदिग्ध पनीर की बड़ी खेप पकड़ी गई है। खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस ने भोपाल से रायपुर जा रही एक पिकअप को रोककर जांच की तो उसमें 30 कार्टून पनीर लोड मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में पनीर के सामान्य दूध से बने शुद्ध पनीर के बजाय एनालॉग पनीर होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी वास्तविक गुणवत्ता का पता प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
चेकपोस्ट पर जांच के दौरान पकड़ी गई खेप
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने चेकपोस्ट पर पुलिस की नियमित वाहन जांच चल रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप क्रमांक MP 04 WC 8384 को संदेह के आधार पर रोका गया।
वाहन चालक शिशुपाल से पूछताछ करने पर उसने बताया कि पिकअप में पनीर भरा हुआ है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी और वाहन को जिला मुख्यालय लाकर जांच कराई।
30 कार्टून में मिला 1500 किलो पनीर
वाहन की तलाशी के दौरान 50-50 किलो के कुल 30 कार्टून बरामद हुए। इस तरह पिकअप में करीब 1500 किलो पनीर लोड था। चालक के अनुसार, इस खेप की डिलीवरी रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान पर की जानी थी।
जांच के दौरान चालक पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर की जांच की प्रक्रिया शुरू की।
खाद्य विभाग को एनालॉग पनीर होने का शक
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे के मुताबिक, पनीर की शुद्धता से जुड़े दस्तावेज मौके पर नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है। विभाग ने पनीर के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की वास्तविक गुणवत्ता और उसकी प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाजार में बिकने से पहले उठे खाद्य सुरक्षा पर सवाल
1500 किलो संदिग्ध पनीर की खेप पकड़े जाने के बाद अंतरराज्यीय खाद्य सामग्री की आपूर्ति और गुणवत्ता जांच को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में पनीर बिना गुणवत्ता संबंधी दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पनीर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं।
अब सभी की नजर खाद्य विभाग की प्रयोगशाला रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि जब्त पनीर सामान्य पनीर है या एनालॉग उत्पाद। इसके बाद ही संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।



