छत्तीसगढ़ में ‘संकल्प’ थीम के साथ 1.72 लाख करोड़ का बजट पेश, किसान-युवा-आदिवासी विकास पर विशेष फोकस

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया। इस बार बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी गई है, जिसे सरकार ने जनता के प्रति निष्ठा और दृढ़ इरादे का प्रतीक बताया। बजट में किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज, 18 साल की आयु पूरी करने पर बेटियों को डेढ़ लाख रुपए, 23 नए उद्योगों की स्थापना और प्रदेश के प्रमुख एयरपोर्ट्स के विकास जैसे कई बड़े ऐलान किए गए। वित्त मंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय 5 हजार करोड़ से शुरू हुआ बजट अब करीब 35 गुना बढ़कर 1.72 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। बजट में सामाजिक क्षेत्र को सर्वाधिक 40 प्रतिशत आवंटन दिया गया है, जबकि लगभग 2 हजार करोड़ रुपए का राजस्व घाटा प्रस्तावित है।
यह भी पढे़ं:- पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 5 लोगों की मौत, 45 घायल, 67 चालान के बाद भी दौड़ती रही बस
‘संकल्प’ थीम का अर्थ
- स- समावेशी विकास
- अ- अधोसंरचना
- न- निवेश
- क- कुशल मानव संसाधन
- ल- लाइवलीहुड
- प- पॉलिसी से परिणाम तक
वित्त मंत्री ने कहा कि यह बजट वंचित, शोषित और गरीब वर्ग को समर्पित है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। अबूझमाड़ में दो एजुकेशन सिटी के लिए 100 करोड़ रुपए, बस्तर को टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की घोषणा, होम स्टे पॉलिसी के लिए 10 करोड़, बस्तर और सरगुजा में होटल निवेश पर अतिरिक्त लाभ, एलाइड सर्विसेज के बड़े केंद्रों के लिए 100 करोड़, सरगुजा विकास प्राधिकरण और बस्तर प्राधिकरण के लिए 75-75 करोड़, बीजापुर में प्रयास विद्यालय की स्थापना की घोषणा की गई है। इसके साथ ही बस्तर फाइटर के 1500 नए पद भरे जाएंगे। (Chhattisgarh Budget 2026)
कृषि और ग्रामीण विकास
- कृषक उन्नति योजना के लिए 10 हजार करोड़
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में 1700 करोड़ से ज्यादा
- मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के लिए 100 करोड़
- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 4000 करोड़
- 50 करोड़ तक के विकास कार्यों में ग्राम पंचायतों को एजेंसी बनाने पर जोर
महिला, शिक्षा और युवा कल्याण
- महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़
- 18 वर्ष पूर्ण करने पर बेटियों को डेढ़ लाख रुपए
- ओबीसी बेटियों के लिए रायपुर में 200 सीटर पोस्ट मैट्रिक छात्रावास
- स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना की शुरुआत, पहले चरण में 150 स्कूल, 100 करोड़ प्रावधान
- रायपुर में मेगा परीक्षा केंद्र के लिए 25 करोड़
- स्किल डेवलपमेंट के लिए 75 करोड़
- मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना की शुरुआत
- एनसीसी कैडेट्स को स्वल्पाहार राशि दोगुनी
स्वास्थ्य और अधोसंरचना
- 25 विकासखंडों में डायलिसिस सुविधा
- रायपुर में पहला होम्योपैथी कॉलेज
- एआई आधारित उपचार के लिए 10 करोड़ अतिरिक्त
- द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना की शुरुआत, 200 करोड़ प्रावधान, 206 गांव जुड़ेंगे
- रायपुर में नई सड़कें, फ्लाईओवर और 100 करोड़ से अंडरग्राउंड बिजली
- स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में मेट्रो कार्य के लिए 68 करोड़
- बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट विकास के लिए 80 करोड़
पर्यटन, संस्कृति और खेल
- मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन
- शक्तिपीठ भ्रमण योजना
- सिरपुर में ग्लोबल मेडिटेशन परिसर का विकास
- माता राजिम की प्रतिमा स्थापना के लिए 5 करोड़
- वंदे मातरम उत्सव के लिए संस्कृति विभाग को 200 करोड़
- छत्तीसगढ़ के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, प्रतिभागियों को 21 लाख
कर्मचारी और प्रशासनिक सुधार
- सरकारी कर्मचारियों के लिए 100 करोड़ से कैशलेस इलाज सुविधा
- जिला और विकासखंड स्तर पर कर्मचारियों के लिए आवास
- साइबर तहसील की स्थापना
- अंबागढ़ चौकी में नया एसडीएम कार्यालय
पांच नए मिशन
वित्त मंत्री ने पांच प्रमुख मिशन की घोषणा की।
- एआई मिशन
- मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन
- मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन
- मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन
- मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन
बजट पेश होने के बाद सदन की कार्यवाही अगले दिन सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सरकार ने इसे विकास, समावेशन और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में निर्णायक कदम बताया है। (Chhattisgarh Budget 2026)



