Chhattisgarh gold smuggling : छत्तीसगढ़ में गोल्ड तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, ED ने 3.76 करोड़ की संपत्ति अटैच की

Chhattisgarh gold smuggling : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दुबई से सोना-चांदी लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले दो तस्करों की 3 करोड़ 76 लाख रुपए की संपत्ति अटैच की है। आरोपियों में सचिन केदार और पुरुषोत्तम कवले शामिल हैं। अटैच संपत्तियों में बैंक बैलेंस, फ्लैट्स और जमीनें शामिल हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) 2002 के तहत की गई।
ED की जांच में सामने आया है कि दुबई से तस्करी कर लाए गए लगभग 260.97 करोड़ रुपए के सोना-चांदी को छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग और अन्य जिलों में खपाया गया। अब तक कुल 64.14 करोड़ की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।
इस गोल्ड सिंडिकेट से जुड़े कई सराफा कारोबारी भी जांच के घेरे में हैं, जिनमें सागर ज्वेलर्स, सहेली ज्वेलर्स, नवकार ज्वेलर्स, सुमीत ज्वेलर्स और धीरज बैद शामिल हैं। आरोप है कि इन्होंने तस्करों से अवैध रूप से विदेशी सोना खरीदा था। (Chhattisgarh gold smuggling)
कैसे चलता था तस्करी का नेटवर्क?
मामले का खुलासा अप्रैल 2021 में हुआ, जब DRI ने कोलकाता एयरपोर्ट पर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके शरीर में बंधी बेल्ट से दुबई का सोना मिला। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह सोना राजनांदगांव के एक ज्वेलर्स को सौंपा जाना था।
इसके बाद DRI ने शांतिलाल बैद के नंदई स्थित घर में छापा मारा, जहां से इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड विजय बैद उर्फ विक्की सामने आया। वह दुबई से सोना मंगवाकर भारत में खपाने की पूरी कड़ी का संचालन करता था।
जांच में यह भी पता चला कि सोना पहले दुबई से म्यांमार या बांग्लादेश भेजा जाता था, वहां से भारत में नॉर्थ ईस्ट राज्यों के ज़रिए दाखिल कर ट्रेन या फ्लाइट से छत्तीसगढ़ लाया जाता था। (Chhattisgarh gold smuggling)
छत्तीसगढ़ बना तस्करी का कॉरिडोर
DRI के अनुसार, बीते 8 वर्षों में छत्तीसगढ़ में 50 करोड़ से अधिक का अवैध सोना-चांदी जब्त किया गया है। तस्कर राज्य को सिर्फ बाजार नहीं बल्कि सप्लाई कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां से सोना ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश तक भेजा जाता है।
रायपुर में DRI का ज़ोनल ऑफिस खुलने के बाद अब तक 25 से अधिक तस्करों पर कार्रवाई की जा चुकी है। (Chhattisgarh gold smuggling)



