Google Analytics —— Meta Pixel

Monsoon snake advisory : मानसून में बढ़ी सर्पदंश का खतरा, स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी – झाड़-फूंक नहीं, सीधे अस्पताल पहुंचें

Monsoon snake advisory : छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने मानसून के दौरान बढ़ते सर्पदंश (सांप काटने) के मामलों को लेकर आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में किसी भी प्रकार की झाड़-फूंक या ओझा-गुनी पर विश्वास न करें, इससे समय बर्बाद होता है और मरीज की जान जोखिम में पड़ सकती है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि विषैले सांपों के काटने पर सिर्फ अस्पतालों में मिलने वाले एंटीवेनम इंजेक्शन ही प्रभावी इलाज हैं। किसी भी तरह के घरेलू उपाय या टोना-टोटका से राहत नहीं मिलती, बल्कि देरी होने से हालत गंभीर हो जाती है और जान बचाना मुश्किल हो सकता है।

सांप काटने पर क्या करें, क्या न करें –

  • पीड़ित को घबराने न दें, इससे हृदय गति तेज होती है और जहर तेजी से फैलता है।
  • काटे गए अंग को स्थिर रखें, हिलाएं नहीं।
  • न ही किसी कपड़े से अंग को कसकर बांधें।
  • पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर जाएं, जहां निःशुल्क इलाज उपलब्ध है।
  • झाड़-फूंक से बचें, समय बर्बाद न करें।

सावधानी से करें बचाव, इन बातों का रखें ध्यान

  • बाहर जाते समय टॉर्च लेकर चलें और पैरों में जूते पहनें।
  • खेत-खलिहान, झाड़ी और घास वाले इलाकों में बूट पहनें।
  • घर के आसपास सफाई रखें, धान व भोजन सामग्री खुले में न रखें।
  • खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगाएं, डोर स्वीप्स लगाएं।
  • मच्छरदानी का प्रयोग करें, खासकर जमीन पर सोने वाले लोग।
  • चलते समय लकड़ी से जमीन पर हल्का ठक-ठक करें, कंपन से सांप खुद दूर हो जाते हैं।
  • पत्थरों, लकड़ियों के ढेर या गड्ढों में हाथ न डालें।

बारिश में क्यों बढ़ते हैं सांपों के हमले?

मानसून के दौरान भारी बारिश से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है। ऐसे में सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में वे घरों, दुकानों और खेतों की ओर चले आते हैं। शिकार की कमी के कारण वे चूहों और कीड़ों की तलाश में इंसानों के संपर्क में आ जाते हैं। कभी-कभी खतरा महसूस होने पर वे आत्मरक्षा में हमला कर बैठते हैं।

भारत में हर साल 50,000 से अधिक मौतें

भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार, देश में हर साल 30-40 लाख लोग सर्पदंश के शिकार होते हैं, जिनमें से 50 हजार से ज्यादा की जान चली जाती है। यह आंकड़ा वैश्विक स्तर पर सर्पदंश से होने वाली मौतों का आधे से अधिक हिस्सा है। चिंताजनक बात यह है कि केवल 30% पीड़ित ही अस्पताल तक पहुंच पाते हैं।

ये जगहें हैं ज्यादा खतरे वाली – सांप कहां छुपते हैं

  • घरों के आसपास – कचरे के ढेर, दीवार की दरारें, खुली नालियां
  • जलभराव वाले स्थान – नदी, तालाब और गड्ढे
  • खेत और बगीचे – झाड़ियां, लंबी घास
  • निर्माणाधीन इमारतें – कंस्ट्रक्शन साइट्स
  • ट्रेकिंग मार्ग – पहाड़ी रास्ते

भारत के सबसे खतरनाक 4 सांप

  • कोबरा (Cobra) – न्यूरोटॉक्सिक ज़हर से सांस लेना मुश्किल हो जाता है।
  • रसेल वाइपर (Russell’s Viper) – हीमोटॉक्सिक ज़हर खून को जमा देता है और ब्लीडिंग कराता है।
  • करैत (Krait) – न्यूरोटॉक्सिक जहर से स्नायु तंत्र पर असर।
  • सॉ-स्केल्ड वाइपर (Saw-scaled Viper) – ब्लड क्लॉटिंग पर असर, मौत का बड़ा कारण।

सांपों से डरने की बजाय जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है। सही समय पर सही कदम उठाकर हम अपनी और अपनों की जान बचा सकते हैं।

यह भी पढ़ें :- सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में भव्य करियर गाइडेंस कार्यक्रम, 700 से अधिक छात्रों ने लिया लाभ

Back to top button
error: Content is protected !!