छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में दायर ED की चार्जशीट में बड़ा खुलासा, ‘बिग बॉस’ ग्रुप से चलता था पूरा सिंडिकेट

Chhattisgarh Liquor Scam 2025: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ED की गिरफ्त में चल रहे चैतन्य को अब EOW यानी आर्थिक अपराध शाखा भी रिमांड पर लेना चाहती है। 15 सितंबर को ED ने 7,000 से ज्यादा पन्नों की पांचवीं पूरक चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की। इसमें खुलासा हुआ कि चैतन्य बघेल ने 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा रकम को मैनेज किया। आरोप पत्र के मुताबिक चैतन्य ने करीब 200 करोड़ रुपए खुद कमाए और 850 करोड़ रुपए कांग्रेस के तत्कालीन कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाए।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में युवती का नाबालिग से अफेयर, शादी से इनकार करने पर किया 50 लाख की डिमांड, पढ़ें पूरी खबर
चार्जशीट में बताया गया कि इस घोटाले के लिए ‘बिग बॉस’ नाम का वॉट्सएप ग्रुप बनाया गया था। इसमें चैतन्य बघेल (बिट्टू), अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा, सौम्या चौरसिया और पुष्पक जैसे नाम जुड़े थे। ग्रुप पर ही पैसों की हेराफेरी, डीलिंग और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े निर्देश साझा किए जाते थे। ED को कई स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। आरोप पत्र में एक IAS अफसर के हनी-ट्रैप का भी जिक्र किया गया है। जांच के दौरान अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा और सौम्या चौरसिया के मोबाइल से चौंकाने वाली चैट्स मिली, जिनमें पैसों की डीलिंग और नकली होलोग्राम बनाने तक की चर्चा सामने आई। (Chhattisgarh Liquor Scam 2025)

पप्पू बंसल का खुलासा
दुर्ग-भिलाई के शराब कारोबारी पप्पू बंसल ने पूछताछ में माना कि उन्होंने और चैतन्य ने मिलकर 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश मैनेज किया। उनके अनुसार रकम अनवर ढेबर से दीपेन चावड़ा और फिर कांग्रेस नेताओं रामगोपाल अग्रवाल व केके श्रीवास्तव तक पहुंचाई जाती थी। बंसल ने यह भी स्वीकार किया कि सिर्फ तीन महीने में ही उन्हें 136 करोड़ रुपए मिले। ED के मुताबिक चैतन्य ने शराब घोटाले की रकम को अपने विठ्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट और बघेल डेवलपर्स एंड एसोसिएट्स में निवेश किया। असल खर्च 13-15 करोड़ था, जबकि दस्तावेजों में केवल 7.14 करोड़ रुपए दिखाए गए। (Chhattisgarh Liquor Scam 2025)
चैतन्य बघेल के वकील ने गिरफ्तारी को बताया गैरकानूनी
जांच से यह भी पता चला कि एक ठेकेदार को 4.2 करोड़ रुपए कैश में भुगतान हुआ, जिसका कोई रिकॉर्ड नहीं था। इसके अलावा भिलाई के बड़े ज्वेलर्स का नाम भी सामने आया। ED का दावा है कि सहेली ज्वेलर्स ने 5 करोड़ रुपए का नकद लोन दिया और बाद में केवल 80 लाख रुपए में 6 प्लॉट खरीद लिए। एजेंसी ने इसे ब्लैक मनी को सफेद करने की साजिश बताया। चैतन्य बघेल के वकील फैजल रिजवी ने गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया। उनका कहना है कि ED ने सिर्फ पप्पू बंसल के बयान के आधार पर कार्रवाई की, जबकि बंसल फरार हैं और उनके खिलाफ NBW जारी है। रिजवी ने कहा कि चैतन्य ने जांच में पूरा सहयोग किया और सभी दस्तावेज भी दिए, लेकिन बयान दर्ज किए बिना ही गिरफ्तारी हुई।
क्या है छत्तीसगढ़ शराब घोटाला ?
चैतन्य का नाम पहली बार 2023 में कई घोटालों के संदर्भ में आया था। विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर ‘सुपर सीएम’ की तरह राज्य में संसाधनों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। ED की जांच के मुताबिक तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के MD एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर ने मिलकर एक सिंडिकेट बनाया। फरवरी 2019 में जेल रोड स्थित होटल वेनिंगटन में डिस्टलरी मालिकों के साथ मीटिंग कर प्रति पेटी शराब पर कमीशन तय किया गया। इसके बाद तीन साल में 60 लाख से ज्यादा पेटी शराब अवैध रूप से बेची गई। दुकानों पर नकली होलोग्राम वाली शराब पहुंचाई गई और सरकारी रिकॉर्ड में खपत दर्ज न करने की हिदायत दी गई। (Chhattisgarh Liquor Scam 2025)



