लोकतंत्र को नष्ट करने वालों को बचा रहे हैं मुख्य चुनाव आयुक्त: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Rahul Gandhi on EC: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने भारत के चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि देशभर में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है और यह कार्य सोच-समझकर विपक्षी वोटरों को निशाना बनाकर किया जा रहा है। प्रेस वार्ता की शुरुआत में राहुल गांधी ने कहा कि सबसे पहले, यह हाइड्रोजन बम नहीं है, हाइड्रोजन बम आने वाला है। यह देश के युवाओं को यह दिखाने और समझाने की दिशा में एक और मील का पत्थर है कि चुनावों में किस तरह धांधली हो रही है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में दायर ED की चार्जशीट में बड़ा खुलासा, ‘बिग बॉस’ ग्रुप से चलता था पूरा सिंडिकेट
राहुल गांधी ने दावा किया कि कर्नाटक के अलंद विधानसभा क्षेत्र में 6018 वोटों को हटाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता कि कुल कितने वोट हटाए गए, लेकिन 6018 को हटाते हुए कोई पकड़ा गया और वह भी संयोग से। एक बूथ लेवल अधिकारी ने देखा कि उसके चाचा का नाम मतदाता सूची से हटा हुआ है। उसने जांच की तो पाया कि किसी पड़ोसी ने यह फॉर्म भरवाया था, लेकिन जब उससे पूछा गया, तो उसने इनकार कर दिया। यानी असल में किसी और ताकत ने इस प्रक्रिया को हाईजैक कर लिया। (Rahul Gandhi on EC)

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि हमें अब चुनाव आयोग के अंदर से मदद मिलनी शुरू हो गई है। पहले ऐसा नहीं था, लेकिन अब जानकारी मिल रही है और यह सिलसिला रुकेगा नहीं। राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार उन लोगों को बचा रहे हैं जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है। उन्हें यह काम तुरंत बंद करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि हमने आपको 100% बुलेटप्रूफ सबूत दिया है। चुनाव आयोग को एक सप्ताह के भीतर इन मोबाइल फोनों, ओटीपी ट्रेल्स और डिवाइस डेटा को सार्वजनिक करना चाहिए।

राहुल गांधी ने बताया कि अलंद में 6018 ऐसे आवेदन दाखिल किए गए, जो असल में लोगों ने खुद कभी किए ही नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करके यह फॉर्म भरे गए। कर्नाटक के बाहर के मोबाइल नंबरों से ये वोट हटाए गए। और यह सब कांग्रेस के वोटरों को निशाना बनाकर किया गया। 18 महीनों में 18 बार चुनाव आयोग से मांगी गई जानकारी, लेकिन कोई जवाब नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक CID इस मामले की जांच कर रही है और 18 महीनों में 18 बार चुनाव आयोग को पत्र लिखा गया। तीन साधारण चीजें मांगी गईं। जैसे डेस्टिनेशन IP एड्रेस, डिवाइस पोर्ट, OTP ट्रेल्स, लेकिन आयोग ने कोई जानकारी नहीं दी। क्यों ? क्योंकि अगर वे दे देंगे तो हमें ऑपरेशन का केंद्र मिल जाएगा।
महाराष्ट्र, UP, हरियाणा तक फैला है यह नेटवर्क: राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि इस तरह की गड़बड़ी सिर्फ कर्नाटक तक सीमित नहीं है। महाराष्ट्र के राजुरा विधानसभा क्षेत्र में 6815 नए मतदाता, जिन्हें टारगेट करके जोड़ा गया। राहुल गांधी ने बताया कि अलंद में हमने फर्जी विलोपन पकड़ा, राजुरा में फर्जी जोड़ मिल गया, लेकिन मूल बात एक ही है कि यह एक सुनियोजित प्रणाली है, जो हरियाणा, यूपी, महाराष्ट्र, कर्नाटक पूरे देश में लागू की जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि यह धांधली खास तौर पर दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को निशाना बना रही है, जो परंपरागत रूप से विपक्ष को वोट देते हैं। हम इस बात को केवल सुनते आ रहे थे, लेकिन अब हमारे पास 100% सबूत है।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मांगा सवालों के जवाब
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से सार्वजनिक रूप से मांग की कि वह बताए कि ये फॉर्म कहां से भरे गए। कौन से डिवाइस और नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया। किसको ओटीपी भेजा गया और किसने वे फॉर्म सबमिट किए। उन्होंने दोहराया कि मैं ऐसा कोई आरोप नहीं लगा रहा, जो बिना सबूत के हो। यह देश का लोकतंत्र है, और हम इसे बचाने के लिए लड़ेंगे। कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चुनाव आयोग ने भी प्रेस वार्ता की और कहा कि राहुल गांधी अपने आरोपों को हलफनामे के रूप में जमा करें और पुख्ता सबूत पेश करें।



