Chhattisgarh : प्रवासी मजदूरों को बंधक बनाकर रखा, मजदूरी मांगने पर गोली की धमकी
Chhattisgarh Crimes News : दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत चेटवा गांव में राजस्थान से कपास तोड़ने आए प्रवासी मजदूरों के साथ मारपीट, बंधक बनाए जाने और मजदूरी नहीं देने का गंभीर मामला सामने आया है। मजदूरों ने ठेकेदारों पर जान से मारने की धमकी देने के साथ ही पुलिस पर भी पक्षपात का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़े :- मतदाता बनना जीवन का अहम पड़ाव, इसे उत्सव की तरह मनाएं : पीएम मोदी
राजस्थान से लाए गए थे मजदूर
राजस्थान के अलवर जिले से करीब 15 मजदूर, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, करीब दो महीने पहले कपास तोड़ने के लिए दुर्ग लाए गए थे। मजदूरों के अनुसार, नरेश नामक व्यक्ति उन्हें काम दिलाने का भरोसा देकर यहां लाया था, जिसके बाद उन्हें जोगेंद्र और उसके भाई गोरा मलिक के खेत में काम पर लगाया गया। ( Chhattisgarh Crimes News)
10 रुपए प्रति किलो तय हुई थी मजदूरी
मजदूरों ने बताया कि कपास तोड़ने की मजदूरी 10 रुपए प्रति किलो तय हुई थी। मजदूर राजकुमार के मुताबिक तीन महीनों में उनकी कुल मजदूरी करीब 4 लाख 35 हजार रुपए बनती है। 9 जनवरी को ठेकेदार द्वारा केवल 50 हजार रुपए दिए गए, जबकि 3 लाख 85 हजार रुपए अब भी बकाया हैं।
मजदूरी मांगने पर धमकी और मारपीट
मजदूरों का आरोप है कि जब उन्होंने पूरी मजदूरी की मांग की तो ठेकेदारों ने गोली मारने की धमकी दी और कई मजदूरों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि जोगेंद्र और गोरा मलिक ने जान से मारने की बात कही।
हिसाब-किताब की डायरी जलाई
मजदूरों के अनुसार, 22 जनवरी को ठेकेदारों ने वह डायरी जला दी, जिसमें कपास तुड़ाई का पूरा लेखा-जोखा दर्ज था। इसके बाद करीब 10 मजदूरों और 2 बच्चों को खेत में ही बंधक बनाकर रखा गया और बाहर जाने से रोका गया।
जान बचाकर भागे मजदूर
डर के कारण कुछ मजदूर रात करीब 3 बजे खेत से भागकर चरोदा स्थित एक मंदिर पहुंचे और वहीं रात बिताई। मजदूरों ने घटना का वीडियो भी बनाया है, हालांकि वीडियो में किसी का चेहरा स्पष्ट नहीं है।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मजदूरों का कहना है कि वे पहले कुम्हारी थाना पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी मदद करने के बजाय ठेकेदारों का पक्ष लिया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी ठेकेदारों ने उन्हें धमकाया।
प्रशासन से लगाई गुहार
24 जनवरी को मजदूर भिलाई-3 एसडीएम कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की मांग की।
ठेकेदार और पुलिस का पक्ष
ठेकेदार जोगेंद्र ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मजदूरों से उसका कोई विवाद नहीं है और आवश्यक जानकारी पुलिस से ली जा सकती है।
सीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि मजदूरों को बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि ठेकेदार के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है और दोनों पक्षों को दोबारा बुलाकर बातचीत कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मजदूरों को भगाने के आरोपों से इनकार किया है। ( Chhattisgarh Crimes News)



