Chhattisgarh Paddy Procurement 2025: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश में अब तक लगभग 90.07 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में 18.12 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 20 हजार 35 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी की शुरुआत 14 नवंबर 2024 से हुई थी, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीदी की जा रही है। वहीं धान खरीदी की व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- नवा रायपुर में एकीकृत उपनगरों के विकास को मिलेगी गति, बसाहटों को मिलेगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री साय
राज्य के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय के लिए टोकन की सुविधा ऑनलाइन एप (टोकन तुंहर हांथ) और उपार्जन केंद्र में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते हैं। धान खरीदी के साथ-साथ मिलर्स धान का उठाव भी तेजी से कर रहे हैं। धान उठाव के लिए लगभग 61 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध अब तक 34.61 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। (Chhattisgarh Paddy Procurement 2025)
इस साल 2739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 1 जनवरी 2025 को 57 हजार 893 किसानों से 2.66 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। इसके लिए 74 हजार 760 से ज्यादा टोकन जारी किए गए थे। 2 जनवरी के लिए 81 हजार 927 टोकन जारी किए गए हैं। वहीं बिलासपुर जिले के मस्तुरी तहसील के वेद परसदा गांव में प्रशासन ने धान के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर दबिश देते हुए दो ट्रैक्टर जब्त किए, जिनमें 224 बोरी धान ले जाया जा रहा था। जब्त धान की कीमत लगभग 2.78 लाख रुपये आंकी गई है। (Chhattisgarh Paddy Procurement 2025)
जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों ने बताया कि यह धान बिल्हा से टिकारी, मस्तुरी तहसील में विक्रय के लिए ले जाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान उन्होंने परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज जैसे परिवहन अनुमति आदेश, मंडी शुल्क रसीद या स्वामित्व प्रमाणपत्र नहीं दिखा सके। धान को समर्थन मूल्य पर उपार्जन केंद्रों में खपाने की आशंका के मद्देनजर दोनों ट्रैक्टर और धान जब्त कर लिया। तहसीलदार ने मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बिलासपुर कलेक्टर अवनीश शरण ने धान के कोचियों और दलालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। (Chhattisgarh Paddy Procurement 2025)
महासमुंद में 50 कट्टा अवैध धान जब्त
जिले में सूचना तंत्र को मजबूत बनाते हुए अवैध परिवहन की हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने कहा है कि अवैध धान परिवहन के मामले में धरपकड़ की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। महासमुंद के पटेवा तहसील के सलिहाभाटा स्थित धान उपार्जन केंद्र पर मंडी अधिनियम के तहत मंडी निरीक्षक और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 50 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। यह धान तुमगांव निवासी संतोष साहू ने अवैध रूप से लाया था। जब्त धान को सलिहाभाटा धान खरीदी केंद्र के प्रभारी को सौंप दिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य अवैध धान के क्रय-विक्रय पर रोक लगाना और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना था। धान खरीदी केंद्र पर अवैध धान की आमद पर प्रशासन सख्त नजर रख रहा है। (Chhattisgarh Paddy Procurement 2025)