Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अब तक 50.75 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी, बलरामपुर में पिकअप समेत 80 बोरी अवैध धान जब्त

Chhattisgarh Paddy Procurement: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान लगातार जारी है। धान खरीदी 14 नवंबर से शुरू हुई, जिसके तहत 22 दिसंबर तक जारी रिपोर्ट के मुताबिक अब तक कुल 50 लाख 75 हजार 155 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इस दौरान 9 लाख 71 हजार 342 पंजीकृत किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में किसानों को 11 हजार 911 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है।

यह भी पढ़ें:- 31 दिसंबर को होगी साल की आखिरी कैबिनेट बैठक, कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

इस साल राज्य में धान खरीदी के लिए 27 लाख 43 हजार 444 किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीकृत किसानों के अंतर्गत कुल 32 लाख 64 हजार 598 हेक्टेयर रकबा शामिल हैं। धान खरीदी के आंकड़ों के मुताबिक महासमुंद जिला अब तक 31 लाख 9 हजार 299 क्विंटल धान खरीदकर पहले स्थान पर है। वहीं कांकेर जिला 16 लाख 81 हजार 985 क्विंटल के साथ दूसरे स्थान पर और बिलासपुर जिला 15 लाख 24 हजार 686 क्विंटल धान खरीदी कर तीसरे स्थान पर है।

किसानों के लिए टोकन तुंहर हाथ एप

गरियाबंद जिले में 14 लाख 88 हजार 594 क्विंटल, रायगढ़ जिले में 12 लाख 10 हजार 1 क्विंटल, कोंडागांव में 10 लाख 87 हजार 260 क्विंटल, धमतरी में 11 लाख 13 हजार 660 क्विंटल, सरगुजा में 10 लाख 3 हजार 484 क्विंटल और सूरजपुर में 11 लाख 45 हजार 117 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इस साल किसानों की सुविधा के लिए ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल एप की शुरुआत की गई है। इस एप के माध्यम से किसान अब 24 घंटे, सातों दिन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। (Chhattisgarh Paddy Procurement)

अवैध धान परिवहन पर सख्त निगरानी

राज्य शासन की ओर से गठित राज्य और जिला स्तरीय दलों के माध्यम से प्रदेश समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध धान परिवहन, भंडारण, विक्रय पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। चेकपोस्ट पर अधिकारियों की तैनाती की गई है और संदिग्ध वाहनों की लगातार औचक जांच की जा रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों से क्रय किए गए धान के मूल्य भुगतान के लिए मार्कफेड को 26,200 करोड़ रुपए की बैंक गारंटी पहले से प्रदान कर रखी है। सभी खरीदी केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं और निगरानी के लिए अधिकारी तैनात किए गए हैं।

बलरामपुर में पिकअप समेत 80 बोरी अवैध धान जब्त

वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी लगातार दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। सरकार अपने घोषणा के अनुरूप प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी कर रही है और कृषि उन्नति योजना के तहत 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किसानों को लाभ दिया जा रहा है। वहीं बलरामपुर में बिचौलियों के पड़ोसी राज्यों से अवैध धान खपाने की कोशिशों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच में विकासखंड रामचन्द्रपुर अंतर्गत टाटीआथर गांव में एक पिकअप वाहन की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में लगभग 80 बोरी अवैध धान पाया गया। संयुक्त टीम ने तत्काल मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए धान समेत पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।

Back to top button
error: Content is protected !!