छत्तीसगढ़ में बारिश और बाढ़ का कहर, इंद्रावती का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी, सुकमा में राहत शिविरों में 2 हजार से ज्यादा लोग

Chhattisgarh Rain Update: छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश और कई इलाकों में जलभराव के बीच बाढ़ का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। खासकर बस्तर संभाग में इंद्रावती नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर केंद्रीय जल आयोग ने चेतावनी जारी की है। वहीं राज्य के अलग-अलग जिलों में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। संवेदनशील और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर राहत केंद्रों में सुरक्षित शिफ्ट होने की अपील की जा रही है। बस्तर में बारिश से कुछ राहत मिलने के बावजूद इंद्रावती नदी के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। केंद्रीय जल आयोग ने इंद्रावती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की है।
यह भी पढ़ें:- CM विष्णुदेव साय ने लिया जमीनी हालात का जायजा, कहा- बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है सरकार
एडवाइजरी के मुताबिक ओडिशा के नबरंगपुर स्थित इंद्रावती नदी के ऊपरी हिस्से में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग ने अनुमान जताया है कि बढ़े हुए जलस्तर का प्रभाव 29 सितंबर की सुबह करीब 2 बजे तक जगदलपुर पहुंच सकता है। जगदलपुर स्टेशन पर इंद्रावती नदी के जलस्तर में लगभग 60 सेंटीमीटर से एक मीटर तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। स्थिति को देखते हुए बस्तर में स्थानीय प्रशासन ने अधिकारियों और आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट कर दिया है। नदी के तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर राहत केंद्रों में सुरक्षित स्थानांतरित होने की अपील की गई है। इसी बीच बस्तर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में इंद्रावती नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान मालेवाही थाना क्षेत्र के अमलीधार निवासी हीरा राम के रूप में हुई है। (Chhattisgarh Rain Update)
चार दिन बाद मिला शव
बताया गया कि हीरा राम शुक्रवार को इंद्रावती नदी के तेज बहाव में बह गया था। नदी का जलस्तर ज्यादा होने के कारण संबंधित इलाका टापू में तब्दील हो गया था, जिसके चलते समय रहते मदद नहीं पहुंच सकी। करीब चार दिन बाद ग्रामीणों ने पेड़ों और झाड़ियों के बीच से शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुकमा जिले में भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 28 सितंबर को सुकमा दौरे के दौरान रंगाराज पार्क के पास बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर अमित कुमार ने मुख्यमंत्री को जिले में हुई भारी बारिश, बाढ़ से हुए नुकसान और राहत-बचाव अभियानों की जानकारी दी। बताया गया कि 21 से 27 सितंबर के बीच हुई मूसलाधार बारिश के दौरान 25 सितंबर को 615.20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके कारण जिले के 22 गांवों के 8,936 लोग प्रभावित हुए, जबकि 4,356 लोग सीधे बाढ़ की चपेट में आए।
2,023 विस्थापित लोगों को सुरक्षित आश्रय
प्रशासन और पुलिस के समय पर सक्रिय होने से राहत बचाव अभियान चलाया गया। मोटर बोट की मदद से 158 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि जिले में 19 राहत शिविर स्थापित कर 2,023 विस्थापित लोगों को सुरक्षित आश्रय दिया गया। राहत शिविरों में मेडिकल कैंप, भोजन और आवश्यक राहत सामग्री की व्यवस्था की गई है। बाढ़ से जिले में 10 मकान पूरी तरह और 310 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 8 पुल-पुलिया, 2 सड़कें और एक शासकीय उप स्वास्थ्य केंद्र का शेड भी क्षतिग्रस्त हुआ है। शुरुआती आकलन के मुताबिक लोक निर्माण, पंचायत और अन्य बुनियादी ढांचे को करीब 1.74 करोड़ रुपए की क्षति का अनुमान है। फसल और पशु हानि का सर्वेक्षण भी जारी है। बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासन ने राहत और मानवीय सहायता के कई स्तरों पर इंतजाम किए। बाढ़ के कारण हॉस्टल में फंसे करीब 50 छात्रों तक नाव के माध्यम से पीने का साफ पानी पहुंचाया गया।
धमतरी में 9 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यार्थियों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की। कलेक्टर ने हॉस्टल में रह रही छात्राओं से भी बातचीत कर उनकी पढ़ाई और प्रशिक्षण की जानकारी ली। धमतरी जिले में लगातार बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत बचाव अभियान जारी है। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के समन्वय से प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। कुरुद क्षेत्र के लोमश ऋषि आश्रम में बाढ़ के पानी के बीच फंसे 9 लोगों को पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया।

प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर राहत दल, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रखी गई हैं तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। धमतरी के सलोनी स्थित बाढ़ राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शिविर में सुबह नाश्ते के साथ नियमित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार जायजा लिया जा रहा है। वहीं जांजगीर-चांपा में महानदी के बढ़ते जलस्तर और तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर और बहाव की स्थिति के साथ राहत बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और स्थिति के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। शिवरीनारायण बैराज और पुल के साथ तटीय क्षेत्रों और महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया गया। राहत शिविर में प्रभावित लोगों के ठहरने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। महानदी पुल पर पानी का बहाव बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंद कर दिया गया है। लोगों को तेज बहाव वाले पानी के पास जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। (Chhattisgarh Rain Update)
स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी
बाढ़ और जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जलभराव के कारण संभावित बीमारियों और संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी उपाय किए जा रहे हैं। राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। तटीय और जलभराव संभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। साथ ही तेज बहाव वाले पानी के पास सेल्फी या वीडियो बनाने से बचने और प्रशासन द्वारा बंद किए गए मार्गों एवं स्थानों पर जाने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है। सूरजपुर जिले में असामयिक वर्षा को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में जिले के सभी तालाब, एनीकट, बांध, नहर, पुल-पुलिया और जलभराव की संभावित स्थिति वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सूरजपुर में जलस्रोतों और पुल-पुलियों पर निगरानी
संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर रहे हैं। जलस्रोतों के जलस्तर, बांध और एनीकट से पानी के बहाव समेत पुल-पुलियों की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है। संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए मेडिकल टीम और एनडीआरएफ से संबंधित आवश्यक तैयारियां भी सुनिश्चित की जा रही हैं। जोखिम वाले क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को नदी-नालों, एनीकट, बांध और पुल-पुलियों के आसपास नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है। सक्ती जिले में 1 जून 2026 से 28 सितंबर 2026 तक 997.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसत बारिश 0.3 मिलीमीटर दर्ज हुई। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक सक्ती तहसील में 922.1 मिलीमीटर, जैजैपुर में 804.7, मालखरौदा में 1182.0, डभरा में 1064.0, नया बाराद्वार में 1112.9, अड़भार में 908.1, हसौद में 900.7, चंद्रपुर में 1117.6 और भोथिया में 966.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
सतर्क रहें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें: प्रशासन
28 सितंबर को तहसील सक्ती में 0.7 मिलीमीटर और नया बाराद्वार में 2.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य तहसीलों में बारिश दर्ज नहीं हुई। लगातार बारिश, नदियों के बढ़ते जलस्तर और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में जाने को कहा गया है। प्रशासन की ओर से नदी-नालों, पुल-पुलियों, बांधों, एनीकट और जलभराव वाले क्षेत्रों पर निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। बारिश और बाढ़ की चुनौती के बीच अलग-अलग जिलों में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व अमले और स्थानीय ग्रामीणों के समन्वय से राहत बचाव कार्य जारी हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। (Chhattisgarh Rain Update)



