बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, नाव से जलमग्न गांवों का लिया जायजा

Minister in Flood Area: महानदी के बढ़ते जलस्तर के बीच वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने सोमवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरिया तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने राहत शिविर का निरीक्षण करने के साथ ही बोरिदा से नाव के जरिए जलमग्न ठेंगागुड़ी और तोरा पहुंचकर ग्रामीणों से बाढ़ की स्थिति और राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। चौधरी ने सबसे पहले सरिया स्थित कन्या शाला में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाढ़ के कारण सुरक्षित स्थान पर पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बाढ़ से हुई परेशानियों के साथ रहने और आवास से जुड़ी जरूरतों की जानकारी भी दी। अधिकारियों से शिविर में भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बारिश और बाढ़ का कहर, इंद्रावती का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी, सुकमा में राहत शिविरों में 2 हजार से ज्यादा लोग

इसके बाद चौधरी बोरिदा पहुंचे। यहां से वे राहत एवं बचाव दल के साथ नाव में सवार होकर जलमग्न ग्राम ठेंगागुड़ी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से उनकी सुरक्षा, भोजन और अन्य जरूरतों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद तोरा पहुंचकर बाढ़ और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन के मुताबिक, पिछले दिनों हुई भारी बारिश और महानदी के बढ़े जलस्तर के कारण सरिया तहसील के कई तटवर्ती गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रभावित परिवारों को राहत शिविरों, शासकीय चौपालों, ऊंचे स्थानों और अन्य सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। गांवों में मुनादी कर लोगों से बाढ़ के पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
हीराकुंड जलाशय से जलप्रवाह के प्रबंधन के लिए 20 गेट खोले जाने के बाद 8 अतिरिक्त गेट खोले गए, जिससे कुल 28 गेटों से पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है। इनमें 19 गेट बाईं ओर और 9 गेट दाईं ओर बताए गए हैं। प्रशासन की ओर से महानदी के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन के मैदानी अमले के साथ एसडीआरएफ, नगर सेना और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं। एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और ग्राम कोटवार सहित अन्य कर्मचारी गांवों में स्थिति पर नजर रख रहे हैं। प्रशासन की ग्रामवार रिपोर्ट के अनुसार पोरथ में बस्ती के भीतर करीब 4 से 5 फीट पानी बह रहा है और चार घरों में पानी प्रवेश कर चुका है। रानीडीह में चार घर प्रभावित हुए हैं और करीब 30 लोगों को शासकीय चौपाल में सुरक्षित रखा गया है। तोरा में करीब तीन फीट पानी जमा होने से दो घर प्रभावित हुए हैं और करीब 20 से 25 लोग सुरक्षित स्थान पर हैं।

रेबो के सभी 11 मकानों में पानी भरने की जानकारी है। यहां ग्रामीणों और मवेशियों को ऊंचे स्थान पर पहुंचाया गया है। ठेंगागुड़ी में 10 से 12 मकान प्रभावित हैं और गांव का रास्ता बंद है। करीब 40 लोगों को लुकापारा राहत केंद्र में रखा गया है। बोरीदा में सांकरा-बोरीदा मुख्य मार्ग पर जलभराव है और एसडीआरएफ की टीम तैनात है। छहीपाली, परसरामपुर, नदीगांव, लिप्ती, विजेपुर, नवापारा छोटे, पिहरा, बुदबुदा, सूरसी, सुरजगढ़, छैलफोरा और नवघटा सहित अन्य गांवों में भी जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन के अनुसार प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से जलमग्न रास्तों पर आवागमन से बचने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। आपात स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07788-299016 पर संपर्क किया जा सकता है।




