छत्तीसगढ़ के मतदाता सूची में सबसे बड़ी छंटनी, कट सकते हैं 31 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम

Chhattisgarh SIR Process: छत्तीसगढ़ के मतदाता सूची में अब तक की सबसे बड़ी छंटनी की तैयारी है। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के और बीएलओ सत्यापन के बाद लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटते नजर आ रहे हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक फिलहाल करीब 31 लाख 59 हजार से ज्यादा मतदाता ऐसे हैं, जिनके नाम ड्राफ्ट स्तर पर वोटर लिस्ट से बाहर दिख रहे हैं। हालांकि चुनाव आयोग ने साफ किया है कि यह अंतिम सूची नहीं है और पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने का पूरा मौका दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- 23 से 25 दिसंबर तक राज्य युवा महोत्सव, 3100 युवा दिखाएंगे हुनर
सबसे बड़ा सवाल मतदाताओं के मन में यही है कि क्या ये नाम हमेशा के लिए हट गए हैं ? और अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं दिख रहा है तो आपको क्या करना चाहिए ? चलिए हम आपको पूरी प्रक्रिया विस्तार से और आसान भाषा में समझाते हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार छत्तीसगढ़ में वर्तमान समय में कुल मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 है। इसी सूची को अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के लिए राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया गया।
बीएलओ सत्यापन में 27.34 लाख मतदाता क्यों नहीं मिले ?
चुनाव आयोग की ओर से कराए गए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के घर-घर सत्यापन में 27 लाख 34 हजार 817 मतदाता ऐसे पाए गए, जो सत्यापन के दौरान अपने पते पर नहीं मिले। इनमें वो मतदाता शामिल हैं, जो घर पर उपलब्ध नहीं थे, जो दूसरे जिले, शहर या राज्य में शिफ्ट हो चुके हैं, जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। इन्हीं कारणों से फिलहाल इन नामों को ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाया गया है। (Chhattisgarh SIR Process)
2003 SIR मैपिंग में क्यों कट रहे हैं नाम ?
चुनाव आयोग की ओर से 2003 SIR मैपिंग भी की जा रही है। इस प्रक्रिया में 2003 की मतदाता सूची और 2025 की सूची का आपसी मिलान किया जा रहा है। इस मैपिंग में करीब 2 प्रतिशत मतदाता ऐसे हैं, जिनके नाम दोनों सूचियों में मेल नहीं खा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं की संख्या करीब 4 लाख 24 हजार 600 बताई जा रही है।
संभावित कारण
- नाम या स्पेलिंग में अंतर
- एक से ज्यादा जगह नाम दर्ज होना
- संदिग्ध या गलत एंट्री
- मृत्यु के बाद भी सूची में नाम बने रहना
कुल कितने मतदाता वोटर लिस्ट से होंगे बाहर ?
- बीएलओ सत्यापन में नहीं मिले मतदाता: 27 लाख 34 हजार 817
- 2003 SIR मैपिंग से प्रभावित: 4 लाख 24 हजार 600
- कुल मिलाकर: 31 लाख 59 हजार 417 मतदाता
यानी राज्य के कुल मतदाताओं का करीब 15 प्रतिशत इस समय ड्राफ्ट स्तर पर वोटर लिस्ट से बाहर दिखाई दे रहा है।
क्या ये नाम हमेशा के लिए हट गए हैं ?
निर्वाचन आयोग ने साफ कहा है कि यह ड्राफ्ट स्थिति है, अंतिम नहीं। पात्र मतदाताओं को अपना नाम दोबारा जोड़ने का पूरा अवसर दिया जाएगा।
23 दिसंबर से शुरू होगी दावा-आपत्ति प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग के मुताबिक 23 दिसंबर 2025 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी, जो 22 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी 2026 को आधार तिथि मानते हुए, जो भी नागरिक 18 साल की आयु पूरी कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। वहीं जिन मतदाताओं को लगे कि उनका नाम सूची में नहीं है, वे एक महीने के भीतर Form-6 के साथ घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं। बीएलओ और ईआरओ की ओर से जांच के बाद नाम को दोबारा मतदाता सूची में जोड़ा जा सकता है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मतदाता को आयोग की ओर से अलग से नोटिस नहीं भेजा जाएगा। मतदाताओं को खुद ही अपना नाम जांचना होगा।
कैसे जांचें वोटर लिस्ट में अपना नाम ?
मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट या अपने नजदीकी बीएलओ से संपर्क कर आसानी से अपना नाम जांच सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही विकल्प खुले रखे हैं। लोग भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल (https://voters.eci.gov.in/) मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट या ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे अपना नाम चेक कर सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में छूट गया है, तो वे फॉर्म 6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसी तरह यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में है या किसी नाम पर आपत्ति है, तो फॉर्म 7 और यदि नाम या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है जिसे सुधरवाना है, तो फॉर्म 8 का उपयोग किया जा सकता है। आयोग ने जन्म तिथि के प्रमाणन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। अगर आवेदक का जन्म 1 जुलाई 1987 से पहले हुआ है, तो आयोग की ओर से निर्दिष्ट सूची का कोई भी दस्तावेज मान्य होगा। वहीं 1987 से 2004 के बीच जन्मे लोगों को खुद का या माता-पिता का ऐसा दस्तावेज देना होगा जो जन्म तिथि और स्थान प्रमाणित करे। 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे आवेदकों के लिए जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।
समय रहते आवेदन क्यों जरूरी है ?
अगर ड्राफ्ट सूची में आपका नाम नहीं है और आपने समय पर Form-6 नहीं भरा तो आपका नाम अंतिम मतदाता सूची (21 फरवरी 2026) में शामिल नहीं हो पाएगा। इसलिए 23 दिसंबर के बाद नाम जरूर जांचें। अगर नाम नहीं मिले तो तुरंत आवेदन करें।
कब जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट ?
- 23 दिसंबर 2025- ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशन
- 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026-दावा-आपत्ति अवधि
- 21 फरवरी 2026- अंतिम मतदाता सूची जारी
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने राजनीतिक दलों को भी सक्रिय भागीदार बनाया है। 23 दिसंबर को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा जिन मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हो सके या जो घर पर नहीं मिले, उनकी अलग से सूची बनाकर साझा की जाएगी ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए। इन सभी प्रक्रियाओं और दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। वोटर लिस्ट से नाम कटना फिलहाल अंतिम फैसला नहीं है। सही समय पर जांच और आवेदन कर आप अपना मताधिकार सुरक्षित रख सकते हैं। चुनाव आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी लगातार नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद अपना नाम जरूर जांचें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे 23 दिसंबर के बाद अपने नाम की जांच अवश्य करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं। (Chhattisgarh SIR Process)



