Google Analytics —— Meta Pixel

सुशासन तिहार में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई, दो सचिव निलंबित, 3 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

Chhattisgarh Sushasan Tihar: राजनांदगांव मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह द्वारा सुशासन तिहार अभियान के तहत आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर दो ग्राम पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ग्राम पंचायत अरजकुंड के सचिव भुवाल सिंह उईके और ग्राम पंचायत सांगिनकछार के सचिव नरेंद्र कुमार वर्मा को उनके कर्तव्यों के प्रति उदासीनता और अनधिकृत अनुपस्थिति के कारण निलंबित किया गया है। इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत बोदेला के सचिव कृष्ण कुमार साहू, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की सहायक विकास विस्तार अधिकारी गायत्री डेकाटे, सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण और करारोपण अधिकारी सी. कुजूर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें:- ‘भारत के खौफ’ के बीच पाकिस्तान सरकार ने आनन फानन में बुलाया ‘नेशनल असेंबली का विशेष सत्र’, राष्ट्रपति ने आधी रात को जारी किया नोटिस

दरअसल, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ को पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सुशासन तिहार 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में सुशासन तिहार के दूसरे चरण में श्रम विभाग को प्राप्त 264 आवेदनों में से अब तक 73 का निराकरण कर लिया गया है। रोकेल निवासी लक्ष्मी ने अपनी बेटी ममता के लिए मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित सहायता राशि के संबंध में आवेदन दिया था। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर श्रम विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ममता को 20,000 रुपए की राशि आरटीजीएस के माध्यम से प्रदान की गई। इस पर लक्ष्मी ने शासन-प्रशासन और श्रम विभाग का आभार व्यक्त किया। (Chhattisgarh Sushasan Tihar)

73 आवेदनों का समाधान

इसी तरह चिड़पाल निवासी दसी और भागेश्वरी ने सुशासन तिहार में श्रमिक पंजीयन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। श्रम विभाग द्वारा उनका नवीन पंजीयन ‘निर्माणी श्रमिक’ के रूप में करते हुए श्रमिक कार्ड प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें श्रम विभाग की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी भी दी गई। जिला श्रम अधिकारी सतानंद नाग ने बताया कि अब तक 73 आवेदनों का समाधान किया जा चुका है और शेष आवेदनों का सत्यापन और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें जल्द लाभान्वित करने की दिशा में प्रयास जारी है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आमजन की मांगों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नगर पंचायत पवनी के पार्षद अरुण कुमार साहू और अन्य नागरिकों द्वारा पवनी में पदस्थ पटवारी को हटाने की मांग की गई थी। (Chhattisgarh Sushasan Tihar)

नकल शाखा शुरू करने के निर्देश

इस पर संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) बिलाईगढ़ वर्षा बंसल ने संबंधित पटवारी को तत्काल पवनी से हटाकर दुम्हानी हल्का में पदस्थ कर दिया है। वहीं नगर पंचायत भटगांव के अध्यक्ष और पार्षदों द्वारा तहसील भटगांव में नकल शाखा खोले जाने की मांग की गई थी। इस पर भी त्वरित निर्णय लेते हुए एसडीएम बिलाईगढ़ ने तहसीलदार भटगांव को आवश्यक कार्रवाई कर नकल शाखा शुरू करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि सुशासन तिहार के पहले चरण में 8 से 11 अप्रैल तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किए गए थे, जिनका निराकरण दूसरे चरण में 4 मई तक किया गया। जिला प्रशासन द्वारा की गई इन त्वरित कार्रवाई से आमजन में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और उत्साह का वातावरण बना है। (Chhattisgarh Sushasan Tihar)

Back to top button
error: Content is protected !!