Chhattisgarh weather update : छत्तीसगढ़ में यलो अलर्ट जारी, बिलासपुर में बिजली गिरने से बालक की मौत, राजनांदगांव सबसे गर्म

Chhattisgarh weather update : छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने सोमवार को सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मानसून बस्तर से सक्रिय हो चुका है और 18-19 जून तक राजधानी रायपुर सहित मध्य क्षेत्रों में पूरी तरह सक्रिय होने की उम्मीद है।
रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के साथ राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। शाम के समय रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, भिलाई, बिलासपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा रोड में अच्छी बारिश हुई।
यह भी पढ़ें :- Digital arrest scam : डिजिटल अरेस्ट के मामले में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लखनऊ से चार साइबर ठगों को किया गिरफ्तार
बिलासपुर में बिजली गिरने से बालक की मौत
बिलासपुर के सिरगिट्टी इलाके में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय अभिषेक ध्रुव की मौत हो गई। बनक चौक के पास कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे, तभी बारिश शुरू हो गई। सभी बच्चे भागकर छांव में चले गए, लेकिन अभिषेक एक पेड़ के नीचे खड़ा रह गया। अचानक बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पास ही खड़े दो अन्य बच्चे झुलस गए, जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
इन जिलों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग ने गरियाबंद, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, सक्ती और जांजगीर-चांपा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं अन्य जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। (Chhattisgarh weather update)
बीते 24 घंटे में कहां-कितनी बारिश हुई
प्रदेश के कई इलाकों में रविवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा में 50 मिमी, बिलासपुर और कोंडागांव में 30 मिमी, अमलीपदर और धरसींवा में 20 मिमी, वहीं कुंडा, बंगला देवरी, सरायपाली और बोड़ला में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। (Chhattisgarh weather update)
अब तक सामान्य से कम रही वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार जून में अब तक छत्तीसगढ़ के 33 में से 27 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। केवल 6 जिलों में बारिश सामान्य या उससे अधिक रही है। राज्य में अब तक औसतन 51% वर्षा की कमी दर्ज की गई है, जो चिंता का विषय है। मानसून की स्थिति कमजोर बनी हुई है और यदि यह स्थिति आगे भी बनी रही, तो खरीफ फसलों पर सीधा असर पड़ सकता है। (Chhattisgarh weather update)



