छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी उपलब्धि, इन क्षेत्रों में मिले राष्ट्रीय पुरस्कार, CM ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के लघु वनोपज संग्राहकों को ज्यादा लाभ पहुंचाने के लिए संचालित की जा रही वन धन योजना और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर लघु वनोपजों की खरीदी, प्रसंस्करण और विपणन के कार्य में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को 8 उपवर्गों में प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा।

इसके साथ ही नवाचार एवं नव उत्पाद के लिए भी छत्तीसगढ़ को 2 पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन संघ मर्यादित, भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा विभिन्न राज्यों के प्रदर्शन के आधार पर इन पुरस्कारों की घोषणा की गई है।

प्रदेश में लघु वनोपजों के संग्रहण का कार्य छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा किया जा रहा है। भारत सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा 6 अगस्त को दोपहर 12 बजे वर्चुअल रूप से छत्तीसगढ़ को ये पुरस्कार प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस उपलब्धि के लिए वन मंत्री मोहम्मद अकबर सहित वन विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अधिकारियों-कर्मचारियों, लघु वनोपजों के संग्रह और प्रसंस्करण के कार्य में लगे स्व सहायता समूहों, वन समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Back to top button