Rashtriya Bal Puraskar : राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुई छत्तीसगढ़ की बेटी हेमबती, सीएम साय ने लिखा- शाबाश बिटिया
Rashtriya Bal Puraskar : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज बस्तर संभाग के कोण्डागांव की जुडो खिलाड़ी हेमबती को “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024” से सम्मानित किया. छत्तीसगढ़ के इस गौरवशाली पल को लेकर सीएम साय ने ट्वीट कर हेमबती को शाबाशी दी है. उन्होंने लिखा- शाबाश बिटिया! राष्ट्रीय जुडो खिलाड़ी, कोंडागांव की बिटिया हेमबती नाग को आज माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार – 2024” से सम्मानित किया जाना, समस्त प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है।
यह भी पढ़े :- विपक्ष में तनातनी : कांग्रेस को ही ‘इंडिया’ गठबंधन से कर दिया जाए बाहर, AAP ने उठा दी बड़ी डिमांड
सीएम साय ने बताया कि हेमबती ने कठिन परिस्थितियों में भी अपना हौसला नहीं खोया, अपनी अथक मेहनत और कड़े संघर्ष से उन्होंने खेलो इंडिया नेशनल गेम्स और राष्ट्रीय स्तर की अन्य प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का परचम लहराया है.
हमारी सरकार ऐसे प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है. निश्चित ही बिटिया की यह उपलब्धि प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्त्रोत है. उन्होंने हेमबती को मिले सम्मान के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.
राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (Rashtriya Bal Puraskar) से 17 बच्चों को सम्मानित किया। इन बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए सात विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि पूरे देश और समाज को इन पर गर्व है। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने असाधारण कार्य किए हैं, आश्चर्यजनक उपलब्धियां हासिल की हैं, उनके पास असीमित क्षमताएं हैं और उनमें अतुलनीय गुण हैं। उन्होंने कहा कि ये बच्चे देश के अन्य बच्चों के लिए एक प्रेरणा हैं।
जब हम 2047 में भारत की स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएंगे :राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश की परंपरा बच्चों को अवसर प्रदान करने और उनकी प्रतिभाओं को पहचानने की रही है। उन्होंने जोर दिया कि इस परंपरा को और मजबूत किया जाना चाहिए। जब हम 2047 में भारत की स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएंगे, तो ये पुरस्कार विजेता बच्चे राष्ट्र के प्रबुद्ध नागरिक होंगे। ऐसे प्रतिभाशाली लड़के-लड़कियां एक समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने आगे कहा कि इस पुरस्कार से सम्मानित बच्चों ने देश को गौरवान्वित किया है और उन्होंने अपनी मेहनत, समर्पण और कार्यों से यह साबित कर दिया है कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल (Rashtriya Bal Puraskar) पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण कार्य किए हैं।



