विपक्ष में तनातनी : कांग्रेस को ही ‘इंडिया’ गठबंधन से कर दिया जाए बाहर, AAP ने उठा दी बड़ी डिमांड
Delhi Assembly Election : 2024 लोकसभा चुनाव के लिए बने ‘इंडिया गठबंधन’ पर अब संकट के बादल मंडराने लगे हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस से नेतृत्व छीनकर ममता बनर्जी को सौंपने की मांग उठ रही थी तो अब आम आदमी पार्टी ने इस गठबंधन से देश की सबसे पुरानी पार्टी को बाहर करने की डिमांड रख दी है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) से पहले ‘आप’ ने कांग्रेस के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोलते हुए भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप जड़ दिया है।
आप सूत्रों के हवाले से खबर है कि इंडी गठबंधन से कांग्रेस को बाहर कराने के लिए आम आदमी पार्टी दूसरी पार्टियों से बातचीत करेगी। आप का कहना है कि कांग्रेस भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही है। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर की मांग व कांग्रेस के नेताओं के बयानों को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं में नाराजगी है।
केजरीवाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की
प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष एडवोकेट अक्षय लाकड़ा ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी से जुड़े अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने संसद मार्ग थाने में शिकायत की है।
अक्षय लाकड़ा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के नाम पर दिल्ली की जनता को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि आप के विधायक और एमसीडी पार्षदों की ओर से कथित तौर पर व्यक्तिगत डेटा मतदाता पहचान पत्र और फोन नंबर एकत्रित किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में ओटीपी सत्यापन का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जनता का विश्वास तोड़ा गया है। वहीं दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई योजना लागू नहीं की गई है। लाकड़ा ने आरोप लगाया कि यह कदम धोखाधड़ी और जालसाजी का स्पष्ट उदाहरण है, जिससे जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया।
दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ रही है AAP
इसको भी दरकिनार नहीं किया जा सकता है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच शुरुआत से ही खींचतान रही है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी INDI गठबंधन में साझीदार हैं और इसी साल का लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था, लेकिन राज्यों के विधानसभा चुनावों में दोनों दल एक दूसरे से लड़ते रहे हैं।
दिल्ली में कई मौकों पर संदीप दीक्षित जैसे कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर विरोध में आवाज उठाई। पंजाब हो या दिल्ली, इन राज्यों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में सीधी टक्कर रही। अभी दिल्ली के विधानसभा (Delhi Assembly Election) चुनावों में भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल ने खुद ऐलान किया कि दिल्ली में AAP अकेले ही चुनाव लड़ेगी। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने कैंडिडेट उतार चुकी है। इसी तरह कांग्रेस भी 70 में से 47 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।



