मुख्यमंत्री साय की बड़ी घोषणा- ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा 21 लाख रुपये प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा बैठक में हुए शामिल

Chhattisgarh Olympic Association : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन (Chhattisgarh Olympic Association) की वार्षिक आम सभा बैठक में खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ से ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अब 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
बैठक में वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट का अनुमोदन, 2025-26 का वार्षिक बजट प्रस्तुतीकरण और अनुमोदन, तथा नए ऑडिटर की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण एजेंडा पर चर्चा हुई।
पदक विजेताओं के लिए करोड़ों का इनाम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ओलंपिक खेलों में प्रदेश से स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये, रजत विजेताओं को 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार उन्हें पहचान व मंच दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
खेलों को लेकर सरकार का विज़न
सीएम साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया के नए परिसरों की शुरुआत हुई है। कुछ माह पहले केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भी राज्य में खेल अधोसंरचना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जल्द ही उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान समारोह भी शुरू किया जाएगा और खेलों के बजट में वृद्धि के साथ कॉरपोरेट क्षेत्र की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
भारत की ओलंपिक मेजबानी पर बोले सीएम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी का प्रस्ताव रखा है और अहमदाबाद इसके लिए प्रस्तावित शहर है। ऐसे में देशभर के साथ छत्तीसगढ़ को भी खेलों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
बस्तर ओलंपिक का ज़िक्र
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री और संघ के उपाध्यक्ष केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में बस्तर ओलंपिक जैसी खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई है, जिससे सुदूर वनांचल के युवाओं को खेल प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है।
इस अवसर पर महासचिव विक्रम सिसोदिया ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में उपाध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी, गजराज पगारिया, कोषाध्यक्ष संजय मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। (Chhattisgarh Olympic Association)



