Google Analytics —— Meta Pixel

पतंग की डोर थामे था मासूम, किस्मत ने छीन ली जिंदगी, दो मंजिला छत से गिरकर 7 साल के हर्ष की मौत

Child Falls From Roof: बालोद जिले के नेवारीकला गांव में सोमवार को एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ है, जहां पतंग उड़ाने की खुशी एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गई। दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला 7 साल का हर्ष कुमार अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन उसे क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर होगा। स्कूल की राह छोड़ हर्ष अपने दोस्तों के साथ पड़ोसी वासुदेव सोनकर के दो मंजिला मकान की छत पर पतंग उड़ाने पहुंच गया। आसमान में उड़ती पतंग और बचपन की बेफिक्र हंसी के बीच अचानक एक पल ऐसा आया, जिसने सब कुछ छीन लिया।

यह भी पढ़ें:- बतौर PM 2026 पूरा नहीं कर पाएंगे नरेंद्र मोदी: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल

पतंग उड़ाते वक्त हर्ष का पैर फिसला और वह सीधे छत से नीचे जा गिरा। आसपास के लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और बच्चे को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की दहलीज पर ही मासूम की सांसें थम गईं। हर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और दो बड़ी बहनों के बीच सबसे छोटा भाई। पिता संजय कुमार साहू बालोद शहर के एक गैरेज में काम करते हैं। (Child Falls From Roof)

स्कूल जाने के लिए निकला था बच्चा

दरअसल, सुबह करीब 10 बजे हर्ष अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। जाने से पहले उसने अपने पिता से स्कूल के लिए पैसे भी मांगे थे, लेकिन स्कूल जाने की बजाय वह अपने दोस्तों के साथ पड़ोसी वासुदेव के घर की दो मंजिला छत पर पतंग उड़ाने चला गया, जिस छत पर बच्चे पतंग उड़ा रहे थे, वहां बाउंड्रीवाल नहीं थी। खेल-खेल में हर्ष का संतुलन बिगड़ा और वह करीब 30 फीट नीचे जमीन पर जा गिरा, जिस बेटे ने सुबह स्कूल जाने से पहले उनसे पैसे मांगे थे, उसी की मौत की खबर ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया। (Child Falls From Roof)

पुलिस ने शुरू की जांच

बेटे की याद में पिता का बिलखना हर किसी की आंखें नम कर गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जिस घर में बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब सिर्फ सन्नाटा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के समय छत पर मौजूद अन्य बच्चों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एक मासूम की पतंग तो आसमान में उड़ती रह गई, लेकिन उसकी जिंदगी की डोर हमेशा के लिए टूट गई।

Back to top button
error: Content is protected !!