Google Analytics —— Meta Pixel

बतौर PM 2026 पूरा नहीं कर पाएंगे नरेंद्र मोदी: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल

Kejriwal on PM Modi: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी बतौर प्रधानमंत्री 2026 का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि उनकी दिल और राजनीतिक समझ यह संकेत देती है कि मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोनों सत्ता से जाने वाले हैं। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता अब पाताल लोक तक पहुंच चुकी है और उनका राजनीतिक प्रभाव तेजी से घट रहा है।

यह भी पढ़ें:- टेक-ऑफ के दौरान सैन्य विमान C-130 क्रैश, 66 सैनिकों की मौत, कई घायल

केजरीवाल ने यह बयान शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम के दौरान दिया। इस मौके पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल और आप नेता संजय सिंह समेत कई विपक्षी नेता मौजूद थे। केजरीवाल ने कहा कि पहले सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ आवाज दबा दी जाती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।
उन्होंने कहा कि अब हजारों-लाखों ट्रोल्स बैठाने के बावजूद सरकार सोशल मीडिया का नैरेटिव कंट्रोल नहीं कर पा रही है। मोदी जी जब पोस्ट करते हैं तो कमेंट बॉक्स में सिर्फ गालियां मिलती हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकार के खिलाफ मीम बनाने पर कार्रवाई होती थी, लेकिन अब इतनी संख्या में मीम बन रहे हैं कि उन्हें नियंत्रित करना संभव नहीं रह गया है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने चुनावी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव बेईमानी से जीते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में उनके वोटों की संख्या में भारी कमी आई, जिसे उन्होंने सिस्टम में हस्तक्षेप का उदाहरण बताया। केजरीवाल ने दावा किया कि वोट जोड़ने, हटाने और फर्जी वोट डलवाने जैसी प्रक्रियाओं के जरिए चुनावी परिणाम प्रभावित किए जा रहे हैं।

मिडिल ईस्ट संकट पर केंद्र से सवाल

इससे पहले केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा कि वैश्विक हालात का असर भारत में दिख रहा है। शेयर बाजार में गिरावट, एलपीजी की कमी और प्रवासी मजदूरों के सामने रोजगार संकट जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संकट की आशंका पहले से थी तो सरकार ने तैयारी क्यों नहीं की और हर बार इसका बोझ आम जनता पर ही क्यों पड़ता है। कार्यक्रम में मौजूद अन्य नेताओं ने भी केंद्र सरकार और संस्थाओं की भूमिका पर सवाल उठाए।

ईडी और चुनाव आयोग एक ही सिक्के के दो पहलू: दिग्विजय 

दिग्विजय सिंह ने कहा कि ईडी और चुनाव आयोग एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया कि ईडी कानून लागू करने के बजाय उसका उल्लंघन कर रही है। संजय सिंह ने कहा कि शराब नीति मामले में आप नेताओं के घर से कोई पैसा नहीं मिला। डेरेक ओ ब्रायन ने दावा किया कि आने वाले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा, खासकर 2027 के उत्तर प्रदेश चुनाव में। संजय राउत ने कहा कि जिम्मेदार लोगों को एक दिन जेल जाना होगा। दिल्ली में हुए इस कार्यक्रम के दौरान विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार, जांच एजेंसियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर एकजुट होकर सवाल उठाए। वहीं केजरीवाल का प्रधानमंत्री को लेकर दिया गया बयान राजनीतिक बहस को और तेज कर सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!