टेक-ऑफ के दौरान सैन्य विमान C-130 क्रैश, 66 सैनिकों की मौत, कई घायल

Colombia Military Aircraft Crash: दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हुआ है। C-130 हरक्यूलिस विमान टेक-ऑफ के दौरान क्रैश हो गया, जिसमें 66 सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। कोलंबियाई वायु सेना के प्रमुख कार्लोस फर्नांडो सिल्वा ने बताया कि विमान में कुल 114 सैनिक और 11 क्रू मेंबर सवार थे। यह दुर्घटना पेरू सीमा के पास दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइजामो में हुई।
यह भी पढ़ें:- अंत्योदय का संकल्प: 5 लाख भूमिहीन परिवारों को 500 करोड़ की सहायता, 25 मार्च को बलौदाबाजार से करेंगे CM साय वितरण
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज के मुताबिक विमान टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद रनवे से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर जाकर गिरा। क्रैश के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थी कि उन्हें काफी दूर से देखा जा सकता था। राहत और बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने इसे गंभीर दुर्घटना बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए थी और सैनिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। (Colombia Military Aircraft Crash)

राष्ट्रपति पेट्रो ने कहा कि सरकार सेना को मजबूत बनाने और उसे बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। उन्होंने यह भी माना कि सैन्य आधुनिकीकरण की योजनाएं प्रशासनिक देरी के कारण लागू नहीं हो सकी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नागरिक या सैन्य अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप काम नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सेना के लिए नए हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान और एंटी-ड्रोन सिस्टम की तत्काल खरीद पर जोर दिया। यह हादसा कोलंबिया की सैन्य सुरक्षा और संसाधनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही है।

क्या है C-130 हरक्यूलिस विमान ?
C-130 हरक्यूलिस दुनिया के सबसे भरोसेमंद सैन्य परिवहन विमानों में गिना जाता है। इसका उपयोग सैनिकों, हथियारों और राहत सामग्री के परिवहन के लिए किया जाता है। यह विमान कच्चे और छोटे रनवे पर भी आसानी से उतर सकता है। भारी उपकरण जैसे हेलीकॉप्टर, बख्तरबंद वाहन और बड़ी मात्रा में सामान ले जाने में सक्षम है। आपदा राहत, मेडिकल इमरजेंसी, आग बुझाने और मौसम संबंधी मिशनों में भी इसका व्यापक उपयोग होता है। यह एक बार में लगभग 42,000 पाउंड यानी करीब 19,000 किलोग्राम तक वजन एयरड्रॉप कर सकता है। (Colombia Military Aircraft Crash)



