Google Analytics —— Meta Pixel

कोर्ट की बिल्डिंग न्याय का मंदिर हो, होटल नहीं, फिजूलखर्ची से बचना न्यायपालिका की जिम्मेदारी: CJI बीआर गवई

CJI BR Gavai: भारत के चीफ जस्टिस बीआर गवई ने महाराष्ट्र के बांद्रा में बन रही बॉम्बे हाईकोर्ट की नई बिल्डिंग की नींव रखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोर्ट की इमारत न्याय का मंदिर होनी चाहिए, न कि किसी सेवन स्टार होटल जैसी। उन्होंने न्यायपालिका को आम नागरिकों की सेवा के लिए समर्पित बताते हुए यह भी कहा कि जज अब कोई भगवान नहीं हैं। CJI गवई ने कहा कि कोर्ट की बिल्डिंग बनाते समय हम जजों की जरूरतों पर ध्यान केंद्रित करते हैं, लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि हम यहां नागरिकों और वादियों की सेवा के लिए हैं। नया भवन किसी शाही ढांचे जैसा न दिखे, बल्कि संविधान के मूल्यों के अनुरूप बने। साथ ही हमें फिजूलखर्ची से बचना चाहिए।

यह भी पढ़ें:- ब्राजीलियन मॉडल ने राहुल गांधी के दावे पर दी सफाई, कहा- मैं कभी नहीं गई भारत, मेरी फोटो का किया गया गलत इस्तेमाल

CJI गवई ने यह भी कहा कि शुरुआत में वह इस कार्यक्रम में शामिल होने से हिचकिचा रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने यह फैसला बदला। उन्होंने कहा कि मुझे कहा गया कि यह संभावना नहीं कि फिर कभी बॉम्बे हाईकोर्ट का कोई जज चीफ जस्टिस के पद पर पहुंचे, इसलिए मैंने कार्यक्रम में हिस्सा लेने का निर्णय लिया। CJI ने यह भी कहा कि जब यह नया भवन तैयार होगा, तो यह मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर सबसे प्रतिष्ठित संरचना होगी। उन्होंने महाराष्ट्र न्यायपालिका के बुनियादी ढांचे पर उठ रही आलोचनाओं को अस्वीकार किया और कहा कि अपने छोटे कार्यकाल में उन्होंने राज्य में कई न्यायिक भवनों का शिलान्यास और उद्घाटन किया है। (CJI BR Gavai)

24 नवंबर को CIJ के रूप में शपथ लेंगे जस्टिस सूर्यकांत

नया परिसर कुल 50 लाख वर्ग फुट में फैला होगा। इस पर अनुमानित खर्च 4,000 करोड़ रुपए से ज्यादा है। परियोजना के लिए 15 एकड़ जमीन पहले ही ट्रांसफर की जा चुकी है और बाकी 15 एकड़ जमीन मार्च 2026 तक सौंप दी जाएगी। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी CM एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। डिप्टी CM शिंदे ने कहा कि नया परिसर राज्य की न्यायपालिका के लिए एक प्रतिष्ठित इमारत साबित होगा। यह CJI गवई का महाराष्ट्र में आखिरी दौरा था, क्योंकि वह 23 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। उनकी जगह पर जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर को भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। (CJI BR Gavai)

Back to top button
error: Content is protected !!