CM Education Quality Campaign: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में बदलाव की बयार, मुख्यमंत्री साय ने किया गुणवत्ता अभियान का एलान

CM Education Quality Campaign: छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान’ प्रारंभ करने की मंजूरी दी गई। यह अभियान प्रदेश की शैक्षणिक संरचना और परिणामों में गुणात्मक सुधार की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शिक्षा केवल जानकारी का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन निर्माण की प्रक्रिया है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, समग्र और सुलभ शिक्षा मिले। अभियान के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए बहुआयामी रणनीतियाँ अपनाई जाएंगी। शीघ्र ही स्कूल शिक्षा विभाग विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा। (CM Education Quality Campaign)
अभियान की प्रमुख विशेषता विद्यालयों का सामाजिक अंकेक्षण होगी, जिसके तहत प्रत्येक विद्यालय की गुणवत्ता, शिक्षण प्रक्रिया, विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ, आधारभूत सुविधाएँ और शिक्षक उपस्थिति जैसे मानकों के आधार पर ग्रेडिंग की जाएगी। कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सहभागिता भी होगी। (CM Education Quality Campaign)
अभियान के अंतर्गत मॉडल विद्यालयों की पहचान कर कमजोर विद्यालयों के शिक्षकों को शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा ताकि वे श्रेष्ठ शिक्षण विधियों से सीख सकें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पालक-शिक्षक सहभागिता को अभियान का एक अहम स्तंभ बताया। पालक-शिक्षक बैठकें अब संवाद और भागीदारी का सशक्त मंच बनेंगी, जिससे विद्यार्थियों की प्रगति पर संयुक्त प्रयास संभव हो सकेगा।
कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार, आधुनिक शिक्षण विधियों का प्रयोग और छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष बल दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह केवल शिक्षा विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह अभियान न केवल लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को रोशन करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करेगा। (CM Education Quality Campaign)



