Google Analytics —— Meta Pixel

साहू समाज ने CM साय से की मरीन ड्राइव का नाम बदलने की मांग, पढ़ें पूरी खबर

CM in Marine Drive: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव पर आयोजित हरेली उत्सव और साहू समाज के सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान CM साय ने नागर, गैती, गेड़ी समेत कृषि यंत्रों की पूजा की और प्रदेश के किसानों की खुशहाली के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने भक्त माता कर्मा के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर आरती की और छतीसगढ़ की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में डिप्टी CM अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, कसडोल विधायक संदीप साहू, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू समेत साहू समाज के अध्यक्ष टहल सिंह साहू और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:- नई दिल्ली में UPSC की फ्री कोचिंग करने का मौका, छत्तीसगढ़ के युवाओं को मिलेगा फायदा

कार्यक्रम के दौरान साहू समाज ने मरीन ड्राइव का नाम बदलकर तेलीबांधा ड्राइव करने और दोनों ओर भव्य गेट बनाने समेत चौक का नाम भक्त माता कर्मा के नाम पर करने की मांग की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने इस आयोजन के लिए साहू समाज को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हरेली के पावन पर्व पर सुबह से ही पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़वासियों की सुख-समृद्धि की मन्नत मांगी है। CM ने कहा कि तेलीबांधा तालाब रायपुर शहर की शान है और साहू समाज की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। साथ ही इसके नामकरण के लिए जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय को साहू समाज के पदाधिकारियों ने भगवान राम का तैल्य चित्र और राम चरित मानस की प्रति भेंट की। (CM in Marine Drive)

 

कार्यक्रम के आखिर में मुख्यमंत्री साय को स्मृति चिन्ह के रूप में रुद्राक्ष के पौधे के साथ शाल और श्रीफल भेंट किया गया। वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ का पहला तिहार है और इसी से आगे प्रदेश में तिहार उत्सवों की लंबी श्रृंखला चलती है। उन्होंने सभी को हरेली तिहार की बधाई दी। डिप्टी CM ने कहा कि हरेली एक समृद्ध परंपरा के तिहार है, किसानों का तिहार है, प्रकृति से जुड़ने का तिहार है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को इस पावन त्यौहार की शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को साहू समाज का मेहमान बताते हुए कहा कि हरेली के पावन अवसर को भक्तिभाव से मनाने की परंपरा हमारे बुजुर्गों ने बनाई है। हरेली खेती किसानी, गौ माता, प्रकृति को सहेजने का उत्सव है। (CM in Marine Drive)

उन्होंने आने वाली पीढ़ी को भी इस त्यौहार का महत्व बताने का आह्वान सामाजिक बंधुओं से किया। तोखन साहू ने साहू समाज से पहली बार किसी व्यक्ति को केंद्रीय मंत्री बनाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद भी ज्ञापित लिया। रायपुर जिला साहू समाज ने तोखन साहू को रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में साहू समाज के प्रतिभागियों ने गीत गायन और नृत्य कला का प्रदर्शन भी किया। साहू समाज ने यहां गेड़ी दौड़, मटका फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया। कार्यक्रम में दो जुड़वा बहनों प्रमिला और पार्वती द्वारा दी गई शिव तांडव नृत्य की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। (CM in Marine Drive)

Back to top button
error: Content is protected !!