Google Analytics —— Meta Pixel

नई शिक्षा नीति में शिक्षा के साथ रोजगार भी है और संस्कार भी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM on Education Policy: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक न्यूज पेपर समूह की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जिन्होंने कहा कि नए दौर की भागदौड़ में पीछे छूटते भारतीयता के संस्कारों के दौर में समाज को सकारात्मक दिशा देना अत्यंत आवश्यक है। आज विदेशी हमारी संस्कृति से प्रभावित हो रहे हैं। प्रयागराज महाकुंभ में बड़ी संख्या में पश्चिमी देशों के लोग श्रद्धा से गंगा स्नान करने पहुँचे। दूसरी ओर हम दिखावे और आडंबर के चलते अपनी महान संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं और पाश्चात्य संस्कृति को अपना रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लागू की गई नई शिक्षा नीति में शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और संस्कार दोनों सम्मिलित हैं।

यह भी पढ़ें:- महाकुंभ को लेकर अखिलेश यादव ने फिर साधा निशाना, बीजेपी ने कहा- सपा प्रमुख को सफलता रास नहीं आ रही

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा देश सदियों तक विश्व गुरु रहा है। नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों में पूरी दुनिया से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते थे। हमारा सनातन धर्म अत्यंत प्राचीन है, जिसकी मूल भावना ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ है – मतलब पूरा विश्व एक परिवार है।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू की गई नई शिक्षा नीति को छत्तीसगढ़ ने अपनाया है। इस नीति में शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और संस्कार दोनों को प्राथमिकता दी गई है। इसके माध्यम से हम फिर अपनी गौरवशाली सभ्यता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। (CM on Education Policy)

भारत में नारी का सम्मान सर्वोपरि: CM साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन काल से ही भारत में नारी का सम्मान सर्वोपरि रहा है। हमारे यहां कहा गया है– ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’, मतलब जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। हमारे धर्म में भगवान के नाम से पहले देवी का नाम आता है– जैसे उमापति महादेव, सियापति राम, राधाकृष्ण आदि। हम मां सरस्वती से विद्या, मां लक्ष्मी से धन और मां दुर्गा से शक्ति की कामना करते हैं। ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी’ का मतलब है – माता और मातृभूमि स्वर्ग से भी श्रेष्ठ हैं। माता-पिता ही बच्चे के प्रथम गुरु होते हैं, और जैसा वे सिखाते हैं, बच्चे वही सीखते हैं। हमारी सभ्यता आज भी जीवित है, जो हमारी शक्ति का प्रमाण है। (CM on Education Policy)

मोबाइल में अच्छाई और बुराई दोनों हैं: CM साय

उन्होंने कहा कि आज हमारे परिवारों में एक गंभीर समस्या यह है कि हम बच्चों को मोबाइल थमा रहे हैं। मोबाइल में अच्छाई और बुराई दोनों हैं। हमें चाहिए कि हम उसमें से अच्छाई को चुनें – जैसे हंस दूध को ग्रहण करता है, वैसे ही हमें भी विवेकपूर्वक चयन करना चाहिए। IIM के डायरेक्टर प्रो. रामकुमार काकानी ने कहा कि आज पीढ़ियों के बीच जो खाई उत्पन्न हुई है, उसे पाटना ज़रूरी है। नई पीढ़ी की दुनिया अलग है- उस पर ज्यादा दबाव है, चौबीसों घंटे विज्ञापनों का असर है, और परिवार भी छोटे होते जा रहे हैं। संचार और तकनीक के प्रसार ने पीढ़ियों के बीच की दूरी और बढ़ा दी है। पहले की पीढ़ियों में अनुशासन और सीमित साधन होते थे। (CM on Education Policy)

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी प्रतिस्पर्धा के दबाव में है। इससे पारिवारिक ढांचा भी बदला है, और भावनात्मक दूरी भी आई है।हमें साझा मूल्यों की फिर पहचान करनी होगी। नई पीढ़ी को सहानुभूति और स्पष्ट लक्ष्यों के साथ प्रेरित करना होगा। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और खुले वातावरण में संवाद को बढ़ावा देने की जरूरत है। अगर हम ऐसा करें, तो पीढ़ियों के बीच की दूरी को पाटा जा सकता है। कार्यक्रम में कोंडागांव की युवा उद्यमी अपूर्वा त्रिपाठी ने भी विचार रखे। इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी,  पुरंदर मिश्रा, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, पद्मश्री फुलबासन यादव समेत कई लोग उपस्थित थे। (CM on Education Policy)

Back to top button
error: Content is protected !!