Google Analytics —— Meta Pixel

कोरिया में बाघ की मौत मामले पर मुख्यमंत्री साय के कड़े तेवर, वनरक्षक राजवाड़े और वनपाल सिंह निलंबित

CM on Tiger Death: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरिया जिले में बाघ की मौत मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस पर प्रधान मुख्य वनसंरक्षक और वन बल प्रमुख श्रीनिवास राव ने कोरिया वनमंडल अंतर्गत रामगढ़ सर्किल के वनरक्षक पिताम्बर लाल राजवाड़े समेत वनपाल रामप्रताप सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही सोनहत परिक्षेत्राधिकारी के वन क्षेत्रपाल विनय कुमार सिंह से टाइगर की मौत के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की मां चंद्रहासिनी की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से वनों की रक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए मुस्तैदी से कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी लापरवाही पर संबंधितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। निलंबन अवधि में वनरक्षक पिताम्बर लाल राजवाड़े को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। अंबिकापुर के मुख्य वन संरक्षक ने अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन में उदासीनता और घोर लापरवाही बरतने के कारण दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं सूरजपुर के कुदरगढ़ परिक्षेत्र में बीते कुछ दिनों से विचरण कर रहे बाघ की ट्रेसिंग का प्रयास किया गया। संयुक्त वन मंडलाधिकारी ओड़गी के नेतृत्व में वनपरिक्षेत्र अधिकारी कुदरगढ़ और उनके परिक्षेत्र के सभी कर्मचारियों, सूरजपुर वन मंडल उड़नदस्ता और बिहारपुर परिक्षेत्र अधिकारी की उपस्थिति में कुल 4 दलों का गठन किया गया। (CM on Tiger Death)

सभी सदस्यों को वन मंडल अधिकारी और वन्यप्राणी विशेषज्ञ प्रभात दुबे ने संबोधित कर बाघ की ट्रेकिंग के लिए आवश्यक जानकारियां दी। इस दौरान सभी को बरतने वाली सावधानियों से भली भांति अवगत कराया गया। “एण्टी स्नेअर वाक” का प्रशिक्षण दिया गया। सभी चारों दलों ने बीते दिनों बाघ द्वारा मवेशियों के शिकार स्थल के आस-पास वनक्षेत्रों का भ्रमण किया। साथ ही बाघ के आने और जाने के मार्ग को ट्रेस करने का प्रयास किया। बाघ के लोकेशन पता करने के लिए ड्रोन कैमरे की सहायता भी ली जा रही है। ट्रेप कैमरा भी लगाया गया। विभिन्न दलों ने गश्ती करके बाघ की लोकेशन की जानकारी एकत्र करने की कोशिश की। साथ ही जंगल क्षेत्र में चरवाहों को मवेशी चराने के लिए न ले जाने की समझाइश दी। टीम ने कहा कि आस-पास के गांव से लगे वनक्षेत्रों में बाघ का विचरण हो रहा है। कोई भी जंगल में न जाए। (CM on Tiger Death)

Back to top button
error: Content is protected !!