रायगढ़ में मुखिया के स्वागत के लिए उमड़ा जनसैलाब, मंत्री चौधरी ने कहा- मैं छोटा इंजन और CM बड़े इंजन

CM Raigarh Road Show: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत के लिए छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति की नगरी रायगढ़ में रोड शो के दौरान जन सैलाब उमड़ पड़ा। रायगढ़ की धरा पर मुख्यमंत्री के रूप में उनके पहले आगमन पर बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका जोशिला स्वागत और अभिनंदन किया। रोड शो के दौरान पूरे नगर को आकर्षक स्वागत द्वारों से सजाया गया था। मुख्यमंत्री साय रोड शो के दौरान खुली जीप में जनता का अभिवादन स्वीकार रहे थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका है जब CM साय रायगढ़ पहुंचे। रोड शो रायगढ़ के कबीर चौक से शुरू होकर गांधी चौक तक पहुंचा। मुख्यमंत्री खुली जीप में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी और रायगढ़ के नवनिर्वाचित विधायक OP चौधरी के साथ हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।

यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में अग्रोहा धाम की शुरुआत, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और CM साय ने किया लोकार्पण

रोड शो के दौरान कई जगहों पर पुष्प वर्षा की गई। सड़क के दोनों ओर छतों से जनता अपने प्रिय नेता का अभिवादन कर रही थी। काफिला कहां से शुरू हुआ और कहां पर खत्म हुआ, इसका आंकलन करना भी कठिन था। मुख्यमंत्री साय का रोड शो रायगढ़ में कबीर चौक और गांधी चौक के बीच जहां-जहां से गुजरा, रायगढ़ की जनता ने अपने मुखिया को अपार स्नेह और सम्मान दिया। रायगढ़ की जनता स्व-स्फूर्त भाव से उनके स्वागत के लिए सड़क पर उतरी। रोड शो के दौरान ऐसा लगा मानों फूलों की पंखुड़ियां आसमान में तैर रही हैं। मुख्यमंत्री का काफिला धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहा और चारों ओर स्वागत और अभिनंदन के नारे गूंजते रहे। जगह-जगह लोक नर्तक दलों द्वारा करमा नृत्य की प्रस्तुति से पूरे माहौल में उत्साह और उमंग का वातावरण दिख रहा था। (CM Raigarh Road Show)

बता दें कि CM विष्णुदेव साय ने 5 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मैं छोटा इंजन हूं और सीएम बड़े इंजन हैं। इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रोहा धाम का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज की ओर से अस्पताल निर्माण के लिए जमीन की मांग की गई। इस पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार की तरफ से पूरा सहयोग किया जाएगा। देश के बड़े सामाजिक धाम बनाने के लिए सभी ट्रस्टी का धन्यवाद। लोकसभा सांसद के रूप में मैंने क्षेत्र के विकास का प्रयास किया है। अब मुखिया के रूप में वादा करता हूं कि जो भी गारंटी दी गई है उसे पूरा किया जाएगा। पूरे छत्तीसगढ़ सहित रायगढ़ के किसानों में भी धान बोनस मिलने की खुशी से उत्साह का माहौल है। (CM Raigarh Road Show)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी में किए गए वादों, धान का दो सालों का बकाया बोनस के भुगतान और समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी और धान का मूल्य प्रति क्विंटल 3100 रुपए देने के किसान हितैषी निर्णय के लिए रायगढ़ जिले के किसानों ने मुख्यमंत्री  साय को धान से तौलकर उनका अभिनंदन किया।  नागरिकों ने छत्तीसगढ़ की कमान संभालने के लिए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय पिछले दो दशकों से रायगढ़ लोकसभा के सांसद हैं और यहां के लोगों से उनकी गहरी आत्मीयता है। वे रायगढ़ निवासियों के सुख-दुख में सम्मिलित होते रहते हैं और दिल्ली समेत रायपुर दोनों ही जगहों में रायगढ़ की जनता के हितों की आवाज उठाते रहे हैं। (CM Raigarh Road Show)

Related Articles

Back to top button