आज दिल्ली जाएंगे CM विष्णुदेव साय, कल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बैठक में होंगे शामिल

CM Sai Delhi Tour: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानी 6 अक्टूबर को नई दिल्ली जाएंगे। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री साय रात 7 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से विमान के जरिए रवाना होकर 8.40 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 7 अगस्त को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक में शामिल होंगे। बता दें कि केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह कल यानी 7 अक्टूबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
यह भी पढ़ें:- कल नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पढ़ें पूरी खबर
बैठक में छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। नक्सल प्रभावित राज्यों को विकास सहायता प्रदान करने में निकटता से शामिल पांच केंद्रीय मंत्रालयों के मंत्री भी बैठक में शामिल होंगे। उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और केंद्र, राज्यों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के वरिष्ठ अधिकारी भी विचार-विमर्श में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार, मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के प्रति कटिबद्ध है। केंद्र सरकार नक्सलवाद से प्रभावित सभी राज्यों को इस समस्या से निपटने में हरसंभव सहायता दे रही है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री शाह ने नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ इस तरह की पिछली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता 6 अक्टूबर 2023 को की थी। (CM Sai Delhi Tour)
2024 में 202 नक्सली ढेर
उस बैठक में गृह मंत्री ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए थे। मोदी सरकार की रणनीति से 2010 के मुकाबले 2023 में हिंसा में 72% और मृत्यु में 86% कमी आई है। 2024 में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। इस साल अब तक 202 नक्सली मारे गए हैं। 2024 के शुरुआती 9 महीनों में 723 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसके साथ ही 2024 में नक्सलवाद प्रभावित जिलों की संख्या सिर्फ 38 रह गई है। केंद्र सरकार ने नक्सलवाद से प्रभावित राज्यों के दूरदराज के इलाकों तक विकास योजनाएं पहुंचाने के लिए भी ठोस कदम उठाए हैं। इन क्षेत्रों में सड़क और मोबाइल कनेक्टिविटी पर विशेष बल दिया जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब तक 14,400 किलोमीटर सड़क निर्माण हो चुका है और करीब 6000 मोबाइल टावर लगाए जा चुके हैं। (CM Sai Delhi Tour)



