
CM Sai on Congress: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बेचारी कहने को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी कांग्रेस नेता पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सुप्रीमो और सांसद सोनिया गांधी का राष्ट्रपति के बारे में दिया बयान निहायत ही आपत्तिजनक और निंदनीय है। देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू न केवल जनजाति समाज की बल्कि समूचे देश की गौरव हैं। उन्हें गरीब और बेचारी कहना, पुअर लेडी कहना कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस कभी भी न तो जनजाति समाज को आगे बढ़ते देखना चाहती है और न ही वह यह सहन कर सकती है कि आदिवासी समाज आगे बढ़े। वह जानबूझकर समाज को अपमानित करती रहती है।
यह भी पढ़ें:- खुशखबरी! बजट से पहले कमर्शियल सिलेंडर सस्ता, जानें किस शहर में कितनी कटौती हुई
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति के लिए जिस भाषा का उपयोग किया था, उसे हम दुहरा भी नहीं सकते। पहले तो कांग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू को हराने में जी-जान लगा दिया था। जब फिर भी जीत गयीं तो बौखलाहट में लगातार राष्ट्रपति को अपमानित करने का काम करती हैं कांग्रेस। इसे समूचा देश, विशेषकर आदिवासी समाज कभी भी न तो भूलेगा और न ही माफ करेगा। हम सोनिया गांधी के इस बयान की कड़ी निंदा करते हैं। सोनिया गांधी को जानकारी नहीं होगी कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में जनजाति समाज का कितना बड़ा योगदान रहा है। हम गरीब और बेचारे नहीं, बल्कि इस देश की रीढ़ हैं। सोनिया गांधी को अपने बयान के लिए प्रायश्चित करना चाहिए। (CM Sai on Congress)
कैबिनेट मंत्री नेताम ने भी साधा निशाना
छत्तीसगढ़ के बड़े आदिवासी नेता और कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान करना कांग्रेस की आदत है। सोनिया गांधी के राष्ट्रपति को ‘बेचारी’ कहना न केवल उनका बल्कि पूरे आदिवासी समाज का अपमान है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जो कि एक सशक्त आदिवासी महिला हैं, कभी भी ‘बेचारी’ या ‘थकी’ हुई नहीं हो सकतीं। वह न केवल भारत की गौरवशाली बेटी हैं, बल्कि देश की संवैधानिक प्रमुख भी हैं। उनकी क्षमता और संकल्पशक्ति पर सवाल उठाना कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। आदिवासी बेटी का राष्ट्रपति बनना और गरीब मां के बेटे का प्रधानमंत्री बनना कांग्रेस को कभी रास नहीं आया। कांग्रेस को आदिवासी, SC/ST और OBC का अपमान करना बंद करना चाहिए और तुरंत माफी मांगनी चाहिए। (CM Sai on Congress)