धमतरी नामांकन विवाद पर CM साय का कांग्रेस को जवाब, कहा- कांग्रेसी पहले ठीक से फॉर्म भरना सीख लें, फिर आरोप लगाएं

BJP Karyakarta Sammelan: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित बीजेपी ‘कार्यकर्ता सम्मेलन’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के साथ नगरीय निकाय के चुनावी अभियान की शुरुआत की। CM साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के विकास के लिए संकल्पित है। हर जिले में विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है, जिसका परिणाम है कि नगरीय निकायों में भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी और पार्षद प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत हो रही है, जो जनता की भाजपा के प्रति विश्वास को दर्शाता है।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस जानबूझकर आदिवासी समाज को अपमानित करती रहती है: CM विष्णुदेव साय

CM साय ने कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश के नगरीय निकायों के चहुंमुखी और निर्बाध विकास के लिए प्रत्येक नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में कमल खिलाएंगे। जनता ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी को समर्थन देकर देश-प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाई। अब प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार बनाना है और विकास की रफ्तार बढ़ाना है। ट्रिपल इंजन सरकार की सरकार में विकास की रफ्तार बढ़ेगी। CM साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि धमतरी में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया, लेकिन दोष हम पर मढ़ रहे हैं। इसे कहते हैं नाच न जाने आंगन टेढ़ा। कांग्रेस प्रत्याशी पहले ठीक से फॉर्म भरना सीख लें, उसके बाद किसी पर आरोप लगाएं। (BJP Karyakarta Sammelan)

CM विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय छत्तीसगढ़ में हर तरफ भ्रष्टाचार था। शराब, कोयला, बालू, डीएमएफ, महादेव एप घोटाला कांग्रेस ने किया। छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य को खराब किया। PSC जैसी संस्था को बदनाम किया, जिससे जनता का विश्वास कांग्रेस सरकार से उठ गया था। अब CBI PSC घोटाले की जांच कर रही है, जिसके दोषी जेल के सलाखों के अंदर है, उनकी बेल नहीं हो रही है। कोयला और शराब के घोटालेबाज भी जेल के अंदर हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों-जरूरतमंदों को उनका अधिकार दिलाने के लिए हमारी सरकार संकल्पित है। “प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना” अंतर्गत ग्रामीण आबादी भूमि में निवासरत हितग्राहियों को मालिकाना हक प्रदाय करने के उद्देश्य से स्वामित्व कार्ड का वितरण किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं का संकल्प और विश्वास भाजपा की जीत का आधार बनेगा। (BJP Karyakarta Sammelan)

कार्यक्रम में डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि घर-घर जाएंगे, महापौर-पार्षद अपना बनाएंगे। कार्यकताओं की मेहनत से नगर निगम रायपुर में भाजपा पार्टी को जीत दिलाएंगे। धमतरी में कांग्रेस के मेयर कैंडिडेट के नामांकन रद्द होने पर भी उन्होंने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ यही दिक्कत कि वो अपनी विफलता का ठीकरा भाजपा पर फोड़ते हैं। चुनाव हारे तो EVM पर ठीकरा फोड़ते हैं। दस नगर निगम में से सिर्फ एक में ऐसा हुआ है। कांग्रेस पहले अपनी कमियों को देखे और भाजपा पर इस तरह के बेबुनियाद आरोप ना लगाएं। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे समेत कई वरिष्ठ नेता, सभी 70 वार्डों के पार्षद प्रत्याशी के साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। (BJP Karyakarta Sammelan)

Back to top button
error: Content is protected !!