Google Analytics —— Meta Pixel

नवरात्रि के नौ दिन ही नहीं… हर दिन बेटियों और महिलाओं का सम्मान करना चाहिए: CM साय

CM Sai on Durgashtami: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को दुर्गाष्टमी और महानवमी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने नवरात्रि के इस पावन पर्व पर मां दुर्गा से समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि, शक्ति उपासना का पर्व है, जो पूरे देश में आस्था, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाता है। देवी के नौ रूपों की उपासना में अष्टमी और महानवमी का विशेष महत्व है। इन अवसरों पर घरों और मंदिरों में कन्या पूजन और भंडारा आयोजित किए जाते हैं, जहां बेटियों को देवी का रूप मानकर उनका स्वागत किया जाता है।

यह भी पढ़ें:- वक्फ बिल पर बगावत: JDU में सियासी भूचाल, वक्फ बिल के बाद 5 मुस्लिम नेताओं ने दिया इस्तीफा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सभी बेटियां देवी स्वरूपा है, अतः हमें नवरात्रि के नौ दिन ही नहीं, बल्कि हर दिन बेटियों और महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समानता का भाव बनाए रखना चाहिए। यही देवी उपासना की सच्ची भावना है, और इसी में हमारी संस्कृति की आत्मा भी निहित है। इधर, चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर कन्याओं का सम्मान और उनके बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के लिए 4 अप्रैल को महासमुंद के शहरी सेक्टर के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र दलदली रोड में अध्ययनरत बच्चियों का पूजन कर उन्हें कन्या भोज कराया गया। बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कन्याओं को भोजन कराया गया, जिसमें चावल-दाल, दूध और अन्य पौष्टिक चीजों से बनी खीर, प्रसाद शामिल है। (CM Sai on Durgashtami)

बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी

शहरी परियोजना के सेक्टर पर्यवेक्षक शीला प्रधान ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाता है, नवरात्रि के शुभ अवसर पर यह आयोजन किया गया। बता दें कि आंगनबाड़ी केंद्र 3 से 6 साल के बच्चों के लिए विद्यालय पहले शिक्षा प्रदान करते हैं। यहां टीकाकरण सेवाएं, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा सहायता और रेफरल सेवाएं भी प्रदान करते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कन्याओं को सम्मान देना, उनके बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा सुनिश्चित करना, और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजू चंद्राकर, मितानिन, स्थानीय महिलाएं और बच्चियां मौजूद थी। (CM Sai on Durgashtami)

Back to top button
error: Content is protected !!