Google Analytics —— Meta Pixel

धान खरीदी खत्म होते ही फरवरी में एकमुश्त दी जाएगी अंतर की राशि: CM विष्णुदेव साय

CM Sai on Farmers: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि धान बेचने वाले प्रदेश के 27 लाख किसानों को अंतर की राशि फरवरी में एकमुश्त दी जाएगी। दरअसल, वर्तमान में केंद्र सरकार से निर्धारित समर्थन मूल्य के हिसाब से किसानों को राशि जारी की जा रही है। इसे लेकर विपक्ष ने सरकार पर वादा खिलाफ का आरोप लगाया है। वहीं किसानों ने भी 3100 रुपए एकमुश्त नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। इस बीच बालोद के जुंगेरा में कार्यक्रम के दौरान CM साय ने यह ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें:- भाषा सिर्फ संवाद का माध्यम नहीं…समाज की आत्मा होती है: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार के पास फंड की कोई कमी नहीं है। धान खरीदी पूरी होने के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि कितने किसानों ने धान बेचा है। इसी आधार पर किसानों के बैंक खाते में राशि डाल दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल बालोद की धरती से ही प्रदेश के किसानों को अंतर की राशि जारी हुई थी। प्रदेश के 24 लाख 72 हजार किसानों के बैंक खाते में 13 हजार 320 करोड़ रुपए भेजा था। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हम पूरी पारदर्शिता के साथ अन्नदाताओं के धान को खरीद रहे हैं। (CM Sai on Farmers)

अब तक 113 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों से किसानों को भरपूर लाभ मिल रहा है। 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी के माध्यम से छत्तीसगढ़ में सबसे अच्छा मूल्य किसानों को मिल रहा है। अन्नदाताओं का सम्मान, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। धान खरीदी के बाद प्रदेश के 27 लाख अन्नदाताओं को धान की अंतर राशि एकमुश्त प्रदान की जाएगी। मेहनतकश अन्नदाताओं के हितों की रक्षा के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ में अब तक 113 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में राज्य 21.54 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 25 हजार 549 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए तेजी के साथ धान का उठाव जारी है। (CM Sai on Farmers)

Back to top button
error: Content is protected !!