Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलियों की मांद में घुसकर जड़ से खत्म करने का काम कर रहे जवान: CM विष्णुदेव साय

CM Sai on Naxalism: सुकमा मुठभेड़ को लेकर CM विष्णुदेव साय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मैं सुरक्षाबलों को उनकी बहादुरी के लिए बधाई देता हूं और उनके साहस को नमन करता हूं। हमारी सरकार को इस संबंध में लगातार सफलता मिल रही है। मुझे विश्वास है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प पूरा होगा। CM साय ने ट्वीट कर कहा कि नक्सलवाद के नासूर को खत्म करने की दिशा में छत्तीसगढ़ के बढ़ते कदम।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 17 नक्सली ढेर, शाह ने कहा- हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता

उन्होंने कहा कि सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में अब तक 17 नक्सली ढेर हो गए हैं। मुठभेड़ में 4 जवान के घायल होने की खबर है। ईश्वर से शीघ्रातिशीघ्र उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों की मांद में घुसकर उसको जड़ से खत्म करने का काम कर रहे हैं। निश्चित ही जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी बहादुरी को नमन करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप हमारा छत्तीसगढ़ 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। निश्चित ही उनके कुशल नेतृत्व में देश-प्रदेश को वामपंथी उग्रवाद से जल्द ही मुक्ति मिलेगी। (CM Sai on Naxalism)

डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ के बाद अब तक कुल 17 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्रियां भी जब्त की है, जिनमें AK-47, SLR, INSAS राइफल, रॉकेट लॉन्चर और बीजीएल लॉन्चर शामिल हैं। जवानों की वीरता और अदम्य साहस से नक्सल उन्मूलन की दिशा में हमारा अभियान सफल हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प शक्ति और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन की सरकार में निश्चित ही जवानों के भुजाओं की ताकत से हम नक्सलवाद मुक्त बस्तर समेत छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को जल्द पूरा करेंगे। (CM Sai on Naxalism)

डिप्टी CM शर्मा ने बताया कि जगदीश नाम का नक्सली मारा गया है, जिसके सिर पर 25 लाख रुपए का इनाम था और वह एसजेडसी (स्पेशल जोनल कमेटी) का सदस्य था। वह झीरम की घटना में भी शामिल था। वह 2023 में सुकमा में हुई घटना में भी शामिल था, जिसमें 10 जवान शहीद हुए थे, इसलिए यह एक बड़ी सफलता है। उन्होंने बताया कि 2025 में 85 दिनों में 133 नक्सली मारे गए है। कुल मिलाकर 2700 से 2800 की संख्या में नक्सलियों का सरेंडर हुआ है या आत्मसमर्पण किए है या मारे गए है। विष्णुदेव सरकार 1 गोली भी नहीं चलाना चाहती। एक अच्छी पुनर्वास नीति के साथ विष्णुदेव सरकार की अपील है – भटके हुए लोग सरेंडर करें, अपना जीवन सुरक्षित करें, सरकार उनके साथ होगी। इस पूरे अभियान में शाह का संकल्प बड़ा है। उनके संकल्प से मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद का समापन होगा। (CM Sai on Naxalism)

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प मार्च 2026 तक देश से सशस्त्र नक्सलवाद को खत्म करना है और हमारे सुरक्षाबल उसी दिशा में काम कर रहे हैं, जिस बहादुरी और साहस के साथ हमारे सुरक्षाबल काम कर रहे हैं, हम दिए गए समय में नक्सलवाद को खत्म कर देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गृहमंत्री अमित शाह ने जो संकल्प लिया है कि मार्च 2026 तक देश से सशस्त्र नक्सलवाद समाप्त करने का और इसी दिशा में हमारे बस्तर में भी लगातार करवाई चल रही है। मुठभेड़ के लिए मैं सुरक्षाबल के जवानों को बधाई और शुभकामनाएं देना चाहूंगा। नक्सल मुक्त भारत-नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की ओर यह बड़ा कदम है। बस्तर में नक्सलवाद अंतिम सांसे ले रही है। (CM Sai on Naxalism)

उपमपल्ली केरलापाल इलाके में हुई मुठभेड़

बता दें कि सुबह सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा पर उपमपल्ली केरलापाल इलाके के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। सुकमा थाना अंतर्गत केरलापाल इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने शुक्रवार रात नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में AK-47, सेल्फ लोडिंग राइफल (SLR), इंसास राइफल, .303 राइफल, रॉकेट लॉन्चर, बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। घायल हुए 4 जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सुकमा छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सबसे बुरी तरह से नक्सलवाद प्रभावित जिलों में से एक है और यहां पहले भी कई नक्सली हमले हो चुके हैं। शनिवार की मुठभेड़ बस्तर संभाग में इस महीने की पांचवीं ऐसी मुठभेड़ है। (CM Sai on Naxalism)

Back to top button
error: Content is protected !!