Google Analytics —— Meta Pixel

SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाएं पेश करेंगे मुख्यमंत्री साय, सिंगापुर में वैश्विक निवेशकों से होगा सीधा संवाद

CM Sai Singapore Tour: छत्तीसगढ़ अब अपनी औद्योगिक प्रगति, निवेश की संभावनाओं और रोजगारपरक क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी में है। विदेश मंत्रालय के नामांकन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर जाने वाले छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में शामिल होगा। विदेश मंत्रालय ने इस फोरम के लिए देश के दो राज्यों छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया है। ऐसे में SING फोरम में छत्तीसगढ़ की भागीदारी राज्य की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसरों और विकास की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और कारोबारी समूहों के सामने रखने का अवसर देगी। SING फोरम 2026 का यह पहला संस्करण है। इसका आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- कचना-लामांडी-सड्डू नगर विकास योजना: 45 मीटर सड़क, नगरीय वन और नई सुविधाएं

फोरम में भारत और सिंगापुर के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख लोगों, निवेशकों और कारोबारी समूहों के शामिल होने की संभावना है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना और व्यापार और निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है। सिंगापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सीईओ राउंडटेबल में भी शामिल होंगे। यहां वे सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों, निवेश संस्थानों और वैश्विक कारोबारी समूहों के प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक विकास नीति, निवेशकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, वनक्लिक सिंगल विंडो प्रणाली और उद्योगों की स्थापना और संचालन के लिए बनाए गए कारोबारी वातावरण की जानकारी निवेशकों को दी जाएगी। मुख्यमंत्री वैश्विक कंपनियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं से अवगत कराते हुए राज्य के विकास में भागीदार बनने का आह्वान भी करेंगे।

इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल से फार्मा तक निवेश पर फोकस

सिंगापुर में होने वाली बैठकों में रोजगार पैदा करने वाले और तकनीक आधारित उद्योगों पर विशेष ध्यान रहेगा। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, आईटी-आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और फार्मास्युटिकल्स जैसे क्षेत्र प्रमुख हैं। इन क्षेत्रों में निवेश के माध्यम से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ तकनीकी क्षमता और रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा एमएसएमई और स्टार्टअप क्षेत्र में निवेश समेत सहयोग के अवसर भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखे जाएंगे।सिंगापुर यात्रा सिर्फ निवेश और उद्योग तक सीमित नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्र में भी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेगा। प्रतिनिधिमंडल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। (CM Sai Singapore Tour)

वैश्विक निवेश और विशेषज्ञता से जुड़ने का प्रयास

इन बैठकों में कौशल विकास और प्रशिक्षण के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, उद्यानिकी और पर्यावरण के अनुकूल विकास से जुड़े अनुभवों और संभावनाओं पर चर्चा होगी। कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग से युवाओं के लिए आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी क्षमताओं को बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। वहीं वन्यजीव संरक्षण और हरित विकास के क्षेत्र में सिंगापुर के अनुभवों से सीख लेने और आपसी सहयोग की संभावनाओं पर भी बातचीत होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उनका कहना है कि SING फोरम के माध्यम से राज्य में निवेश आकर्षित करने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने और वैश्विक विशेषज्ञता, तकनीक और नवाचार से जुड़ने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। (CM Sai Singapore Tour)

मुख्यमंत्री के साथ ये अधिकारी रहेंगे मौजूद

राज्य सरकार का फोकस ऐसे निवेश और साझेदारियों पर है, जिनसे औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ सकें। अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और निवेश संस्थानों के साथ सीधे संवाद के जरिए छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और कारोबारी संभावनाओं को सामने रखने की कोशिश होगी। मुख्यमंत्री साय के साथ सिंगापुर जाने वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य और उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक विश्वेश कुमार के साथ मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे। SING फोरम और सिंगापुर में प्रस्तावित बैठकों के जरिए छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं, निवेश नीतियों और रोजगारपरक क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय के सामने रखने के साथ दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर भी बातचीत होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!