दिल्ली दौरे से लौटे सीएम साय, कैबिनेट विस्तार को लेकर दिए स्पष्ट संकेत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन दिवसीय दिल्ली दौरा पूरा कर आज शुक्रवार सुबह रायपुर लौट आए। 30 जुलाई से 1 अगस्त तक चले इस दौरे के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। दौरे के दौरान राज्यसभा भवन में “विजन अंजोर @2047” पर चर्चा और राज्य की आगामी योजनाओं की प्रस्तुति ने भी खासा महत्व रखा।
यह भी पढ़े ;- “मैं ऑपरेशन सिंदूर को बाबा विश्वनाथ के चरणों में समर्पित करता हूं”: वाराणसी में बोले पीएम मोदी
कई अहम मुलाकातें और भोज कार्यक्रमों में रहे शामिल
मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में राज्य के सांसदों के लिए भोज का आयोजन किया, वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के आवास पर आयोजित रात्रिभोज में भी वे शामिल हुए। उन्होंने संसद भवन जाकर कई वरिष्ठ नेताओं और पुराने साथियों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान नक्सल उन्मूलन, बस्तर ओलंपिक को खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स के रूप में विकसित करने और राज्य की विकास योजनाओं को लेकर केंद्र सरकार से सार्थक बातचीत हुई।
“हम बस्तर को एक नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नक्सलवाद के खात्मे को लेकर लगातार काम जारी है,” — मुख्यमंत्री साय ने कहा।
कैबिनेट विस्तार पर बड़ा संकेत
कैबिनेट विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा: –
“थोड़ा इंतजार करिए, जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व के साथ कैबिनेट विस्तार को लेकर ठोस चर्चा हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार नए मंत्रियों का शपथग्रहण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हो सकता है।
दो मंत्री पद हैं खाली
गौरतलब है कि 13 दिसंबर 2023 को सीएम साय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। प्रारंभिक मंत्रिमंडल में कुल 12 मंत्री शामिल किए गए थे। लेकिन वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के सांसद चुने जाने के बाद से दो पद रिक्त हैं। अब इन रिक्त पदों पर नियुक्ति की अटकलें तेज हो गई हैं।
सीएम साय का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर कैबिनेट विस्तार की दिशा में मिले संकेत और दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ हुई बैठकों से आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज होने की संभावना है।



