दो दिन की राहत के बाद छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ी ठंड, 14 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

Cold Wave in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में दो दिन की हल्की राहत के बाद एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं मैदानी इलाकों में राजधानी रायपुर सबसे ठंडा रहा। रायपुर के माना इलाके में रात का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 9.2 डिग्री, पेंड्रा में 9.4 डिग्री और बिलासपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें:- बैंक में गिरवी रखी गई जमीन बेचकर 11.51 करोड़ की ठगी, 54 एकड़ जमीन का फर्जी सौदा
मौसम विभाग ने 17 जनवरी को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, दुर्ग और रायपुर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों तक कड़ाके की ठंड बनी रहने की संभावना जताई है। प्रदेश के कुछ जगहों पर घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट है। रात के समय ठंड का असर ज्यादा रहेगा। लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे का तापमान हाल
खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर हिदायत दी गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। इसके बाद ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे कम होगा और न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बीते कुछ दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में ठंड का असर बढ़ा है। यह सिस्टम हिमालय और उत्तर भारत से ठंडी हवाओं को दक्षिण की ओर धकेलता है। इसी दौरान सक्रिय जेट स्ट्रीम इन ठंडी हवाओं को तेजी से मध्य भारत की ओर ले आती है, जिससे उत्तर भारत की ठंड छत्तीसगढ़ तक पहुंच जाती है। इसका सीधा असर रात के तापमान पर पड़ता है और पारा तेजी से गिर जाता है। (Cold Wave in Chhattisgarh)
जानिए अपने शहर का तापमान
| शहर | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| अंबिकापुर | 3.9°C | 24.2°C |
| रायपुर | 7.8°C | 28.5°C |
| दुर्ग | 9.2°C | 28.6°C |
| पेंड्रारोड | 9.4°C | 25.0°C |
| बिलासपुर | 9.6°C | 28.0°C |
| जगदलपुर | 10.3°C | 29.9°C |
| राजनांदगांव | 10.5°C | 29.5°C |
ठंड से बचने के लिए सलाह
- बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों की कई परतें पहनें।
- शरीर की गर्मी सिर और पैरों के जरिए जल्दी निकलती है। इसलिए सिर और हाथ-पैर ढकें। टोपी, मोजे और दस्तानों का उपयोग करें।
- दिन में धूप निकलने पर बाहर बैठें, यह शरीर को प्राकृतिक रूप से गर्म रखने में मदद करता है।
- बाजरा, अदरक, गुड़, और सूखे मेवों का सेवन करें, जो शरीर को अंदर से गर्म रखते हैं।
- ठंड में प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए समय-समय पर गुनगुना पानी पीते रहें।
- शीतलहर का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ता है, उन्हें ठंडी हवाओं के सीधे संपर्क में आने से बचाएं।
- रात के समय या सुबह जल्दी जब पारा सबसे कम होता है, अनावश्यक यात्रा से बचें।



