Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में बंद का मिला-जुला असर, पूर्व CM बघेल ने कहा- साय सरकार को तुरंत किया जाना चाहिए बर्खास्त

Congress Chhattisgarh Bandh: छत्तीसगढ़ में कवर्धा की घटना को लेकर बवाल मचा हुआ है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। साथ ही सरकार को जमकर घेरा है। पूर्व CM ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर छत्तीसगढ़ बंद को सफल बनाने के लिए सभी का आभार। सरकार ने अपनी नाकामी को स्वीकार किया है, जिस कारण से कलेक्टर, SP और रेंगाखार थाना पुलिस को बदलना पड़ा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जब आपने स्वीकार कर लिया है कि हत्या हुई है। बेरहमी से पिटाई हुई है तो हमारी मांग है कि SP समेत दोषी पुलिसवालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हो। 

यह भी पढ़ें:- ओडिशा में आर्मी अफसर की मंगेतर के साथ यौन उत्पीड़न, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय से मांग है कि लोहारीडीह के सभी बंदियों को अस्पताल में भर्ती करवाकर उनके शरीर की पूर्ण डॉक्टरी जांच करवाएं, ताकि उन्हें इलाज मिल सके। मजिस्ट्रियल जांच नहीं, ज्यूडिशियल जांच हो। SDM अपने कलेक्टर-SP के खिलाफ क्या जांच करेगा? इसलिए मुख्यमंत्री साय से मांग है कि कवर्धा कांड की न्यायिक जांच करवाएं और मृतकों के परिवारजनों को 50-50 लाख मुआवजा दें। पूर्व CM बघेल ने कहा कि जब कवर्धा कांड में पुलिस प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है कि विवेचना गलत हुई है और गिरफ्तारियां भी गलत हुई हैं तो गलत गिरफ्तारी वाले लोग छोड़ें जाएं। कौन-कौन लोग किस जेल में बंद हैं, इसकी सूची जारी करें। कौन-कौन लापता है, इसकी सूची जारी हो और खोज की जाए। (Congress Chhattisgarh Bandh)

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के बुलाए गए बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला है। कांग्रेस ने सभी जिलों में प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। PCC चीफ दीपक बैज, पूर्व CM भूपेश बघेल, पूर्व PCC चीफ मोहन मरकाम समेत कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने मोर्चा संभाला। रायपुर से लेकर बस्तर तक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता दुकानों को जबरन बंद कराते भी नजर आए, जिसे लेकर दुकानदारों ने नाराजगी भी जताई है। वहीं बंद के मद्देनजर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई थी। PCC चीफ बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। (Congress Chhattisgarh Bandh)

पूर्व CM बघेल ने कहा कि जो लोग कह रहे थे कि ‘छत्तीसगढ़ बंद’ को हमारा समर्थन नहीं है। उनके लिए एक शेर है। जलते घर को देखने वालों, फूस का छप्पर आपका है। आग के पीछे तेज हवा है, आगे मुकद्दर आपका है। उसके कत्ल पे मैं भी चुप था, मेरा नंबर अब आया। मेरे कत्ल पे आप भी चुप हैं, अगला नंबर आपका है। बघेल ने कहा कि कल आपकी भी बारी हो सकती है। कब तक चुप रहोगे? ये गृहमंत्री हर जगह रात के अंधेरे में क्यों जाते हैं? दिन के उजाले में जनता की आंख में आंख मिला कर बात करने में उन्हें कैसी तकलीफ है? कवर्धा कांड के पीड़ितों को न्याय मिलने तक हमारा ये आंदोलन जारी रहेगा। (Congress Chhattisgarh Bandh)

उन्होंने कहा कि विष्णुदेव सरकार पद पर रहने लायक नहीं है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से कहना चाहूंगा कि इस सरकार को बदलें। गंगाराम, जनक जैसे कई ग्रामीणों की पुलिस की बर्बरता से गंभीर होने की सूचना हमें मिली है, लेकिन सरकार हमें उनसे मिलने से भी रोक रही है, हमारा पहला उद्देश्य प्रताड़ना से गंभीर लोगों का उपचार है। बताया जा रहा है कि पुलिस की मारपीट से गंभीर स्थिति में पहुंचे ग्रामीणों को रायपुर के किसी अस्पताल में लाया गया है, लेकिन कोई इसके बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं है। सरकार इस मामले को दबाना चाहती है, क्योंकि वो खुद इस षड्यंत्र में शामिल है। (Congress Chhattisgarh Bandh)

Back to top button
error: Content is protected !!