पद्मश्री वैद्यराज को मिली धमकी सरकार की असफलता का नतीजा: कांग्रेस

Congress on Hemchand Manjhi: नारायणपुर के पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी को नक्सलियों ने जान से मारने की धमकी दी है, जिसे लेकर कांग्रेस ने साय सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि नक्सलियों से पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद को मिली धमकी सरकार की असफलता का नतीजा है। सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्र की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। सरकार को पद्मश्री से सम्मानित वैद्यराज मांझी की सुरक्षा पुख्ता करनी चाहिए। वहीं BJP महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उद्योग और माइंस के दलाल नक्सली है। राज्य सरकार वैद्यराज मांझी को सुरक्षा मुहैया कराएगी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी को नक्सलियों ने दी धमकी, छोटेडोंगर सरपंच को भी धमकाया

बता दें कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ जवानों की तबाड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इस बीच बौखलाए नक्सलियों ने नारायणपुर-ओरछा मार्ग के धोड़ाई के पास पर्चे फेंके हैं, जिसमें पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी और छोटेडोंगर सरपंच हरिमांझी को जान से मारने की धमकी दी गई है। यह पर्चा पूर्वी बस्तर डिविजन कमेटी ने जारी किया है। दरअसल, 2024 में बीजापुर के थुलथुली गवाड़ी के जंगलों में जवानों ने 38 नक्सलियों को मार गिराया था, जिससे बौखलाए नक्सलियों की पूर्वी बस्तर डिविजन कमेटी ने फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। साथ ही पर्चा फेंककर पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी, छोटेडोंगर सरपंच हरिमांझी समेत कई लोगों को आमदाई माइंस का दलाल बताया है। (Congress on Hemchand Manjhi)

SP ने नक्सली पर्चा को बताया फर्जी

नक्सलियों ने सभी को जान से मारने की धमकी भी दी है। नक्सलियों ने पर्चे में लिखा है कि गांव से बाहर होने से बचोगे नहीं तो सागर साहू की तरह मौत की सजा दी जाएगी। धमकी को लेकर पद्मश्री वैद्यराज मांझी ने कहा कि नक्सली बेबुनियाद आरोप लगाकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सालों से लोगों की सेवा निशुल्क करता आ रहा हूं और पिछले दो सालों से अपना घर छोड़कर नारायणपुर में रहना पड़ रहा है। उस इलाके के सरेंडर करने वाले नक्सलियों से पूछताछ होनी चाहिए कि किनके कहने पर ऐसा किया जा रहा है। वहीं सरपंच हरिमांझी ने कहा कि नक्सली धमकी के चलते गांव छोड़कर नारायणपुर में रहने को मजबूर है। अब उस इलाके के नक्सली भी सरेंडर कर रहे हैं। उनसे पूछताछ होनी चाहिए। हालांकि SP प्रभात कुमार ने कहा कि नक्सली पर्चा फर्जी है, जिसकी जांच की जा रही है। (Congress on Hemchand Manjhi)

Back to top button
error: Content is protected !!