अवैध संबंध के शक में ठेकेदार की पीट-पीटकर हत्या, 2 नाबालिग समेत 8 आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम

Contractor Murder in Khairagarh: खैरागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक बिल्डिंग ठेकेदार की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें दो नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान तुलाराम पटेल (45 साल) के रूप में हुई है, जो किल्लापारा के वार्ड क्रमांक-11 का रहने वाला था। मृतक बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था, जिसके साथ गाडाडीह गांव की एक महिला मजदूर भी काम करती थी। बताया जा रहा है कि काम खत्म होने के बाद तुलाराम कभी-कभी महिला को अपनी बाइक से उसके घर छोड़ने जाया करता था।
यह भी पढ़ें:- शादी के बासी खाने से 40 लोग बीमार, बिलासपुर में फूड पॉइजनिंग से मचा हड़कंप, ज्यादातर बच्चे शामिल
8 मार्च की शाम को भी तुलाराम पटेल महिला को छोड़ने के लिए गाडाडीह गांव गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उस पर अवैध संबंध का शक जताते हुए उसे घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ रहे हो कहते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने तुलाराम को हाथ, मुक्के और लात से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद गंभीर रूप से घायल तुलाराम पटेल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (Contractor Murder in Khairagarh)

घटना के बाद खैरागढ़ पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि तुलाराम की मौत ग्रामीणों की पिटाई के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35), समय यादव (45), आशीष यादव उर्फ बोदू (42), रूपलाल वर्मा (26), पल्टन वर्मा (60) और पवन वर्मा (35) को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम ने कहा कि आगे की जांच की जा रही है।



