IAS पूजा खेडकर की उलटी गिनती शुरू, UPSC ने दर्ज कराया केस
IAS Puja Khedkar Controversy: आईएएस पूजा खेडकर की मुश्किलें बढ़ गई है। आज यूपीएससी ने आईएएस पूजा दिलीप खेडकर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। ये मामला कथित जालसाजी के तहत दर्ज कराया गया है साथ ही ट्रेनी आईएएस को उनकी उम्मीदवारी रद्द करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इससे पहले महाराष्ट्र सरकार ने उनकी ट्रेनिंग रद्द कर दी थी और LBSSNA ने उन्हें 23 जुलाई को मसूरी रिपोर्ट करने का आदेश जारी किया था।
उम्मीदवारी रद्द करने के लिए उठाया पहला कदम
यूपीएसएसी की नोटिस में लिखा गया कि यूपीएससी ने सिविल सर्विस परीक्षा 2022 की ट्रेनी आईएएस पूजा मनोरमा दिलीप खेडकर के कदाचार को लेकर गहन जांच की। इस जांच में यह पता चला कि आईएएस ने अपना नाम, अपने पिता का नाम और माता का नाम, अपनी फोटो/सिग्नेचर, मेल आईडी, मोबाइल नंबर और एड्रेस बदलकर अपना फर्जी पहचान बनाकर परीक्षा नियमों के तहत रिजर्वेशन का धोखाधड़ी से लाभ उठाया। इस कारण यूपीएससी ने उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है, जिसमें पुलिस को उम्मीदवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही सिविल सर्विस एग्जाम की उसकी उम्मीदवारी को रद्द करने के लिए कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।
क्या है आरोप?
पूजा खेडकर पर सिविल सेवा परीक्षा पास करने के लिए फर्जी दिव्यांगता और ओबीसी सर्टिफिकेट का इस्तेमाल करने का आरोप है। इसके अलावा पुणे में तैनाती के दौरान विशेषाधिकारों का दुरुपयोग करने का भी आरोप उन पर है। इसलिए पिछले हफ्ते उन्हें पुणे से वाशिम ट्रांसफर कर दिया गया था। (IAS Puja Khedkar Controversy)
हाल ही में सिविल सेवा में चयन को लेकर विवाद के बीच ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर की महाराष्ट्र में ट्रेनिंग रोक दी गई। मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री नैशनल अकैडमी ऑफ ऐडमिनिस्ट्रेशन (LBSNAA) ने पूजा की ट्रेनिंग रद्द करते हुए उन्हें तत्काल वापस बुला लिया। (IAS Puja Khedkar Controversy)




