Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतगणना आज, सुबह 9 बजे से शुरू होगी काउंटिंग

Counting in Chhattisgarh 2025: छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों को आज नए महापौर मिलने जा रहे हैं। सुबह 9 बजे सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होगी। इसके बाद करीब 9.30 बजे से EVM के वोटों को गिना जाएगा। बता दें कि 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 113 नगर पंचायत में 11 फरवरी को वोटिंग हुई थी। जबकि बसना नगर पंचायत में बीजेपी प्रत्याशी निर्विरोध जीत गई थी। दोपहर 2 बजे तक शहर सरकार को लेकर सब क्लियर हो जाएगा। सबसे पहले महापौर के नतीजे आएंगे। इसके बाद पार्षदों के नामों की घोषणा की जाएगी।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल: नए महासचिवों और प्रभारियों की नियुक्ति, भूपेश बघेल बने पंजाब के प्रभारी

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक चुनाव वाले नगरीय निकायों में मतदाताओं की कुल संख्या 44 लाख 75 हजार 703 है। इस बार राज्य में औसत मतदान 72.48 प्रतिशत रहा। रायपुर के सेजबहार के इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस में वोटों की गिनती होगी। पूरी प्रक्रिया की CCTV कैमरे से निगरानी होगी। रायपुर में 70 वार्डों के 1095 मतदान केंद्रों में लगभग 15 राउंड में गिनती होगी, जिसके लिए 10 मतगणना टेबल लगाए गए हैं। बता दें कि रायपुर नगर निगम हॉट सीट है, जिस पर पिछले 15 साल से कांग्रेस का कब्जा रहा है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि प्रदेश में सरकार किसकी है। जनता ने पिछते तीन बार के चुनाव में कांग्रेस पर भरोसा जताया है। हालांकि इस बार बीजेपी प्रत्याशी मजबूत दिख रही है। (Counting in Chhattisgarh)

जीत के अपने-अपने दावे

मतगणना स्थल पर लैपटॉप, आई पैड, मोबाइल, इलेक्ट्रानिक उपकरण, पान, बीड़ी, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थ ले जाना प्रतिबंधित है। सिर्फ पेन, पेंसिल, कैल्कुलेटर ले जाया जा सकता है। इस बीच CM विष्णुदेव साय ने जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में नगरीय निकायों में विकास के अनेक कार्य हुए हैं, जिससे भाजपा के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। नगरीय निकायों में निश्चित ही भाजपा की सरकार बनेगी। वहीं PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि नगर निगमों में कांग्रेस जीतेगी। निकाय चुनाव में मतदान के बाद जो तस्वीर साफ हुई उससे यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस अधिकांश निकायों में चुनाव जीतेगी। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खिलाफ माहौल है। (Counting in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!