जमीन विवाद में बेटे ने की पिता और बुआ की हत्या, बहू ने सास को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Crime in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला कवर्धा जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र का है, जहां इंदौरी पंचायत में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में रामकुमार काठले ने अपने ही पिता नारायण काठले और बुआ धरमिन बाई पर लोहे की सब्बल से हमला किया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें:- Vice President Candidate : NDA ने घोषित किया उपराष्ट्रपति उम्मीदवार: जानें सीपी राधाकृष्णन से जुड़ी 10 बड़ी बातें
वहीं राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में भी हत्या की वारदात सामने आई है, जहां के राका गांव में घरेलू विवाद से उपजे गुस्से ने बड़ा रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक गालियों और तानों से तंग आ चुकी बहू खोमाबाई पटेल ने अपनी सास पर लोहे की राड़ और डंडे से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्ग में चिखली चौकी क्षेत्र में जन्माष्टमी के मौके पर लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी प्रवीण कुमार स्कूटी से घूम रहा था और उसके पास से धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। (Crime in Chhattisgarh)
दुकान की सीढ़ी पर युवक की संदिग्ध मौत
इधर, बिलासपुर जिले के जरेली में एक दुकान की सीढ़ी पर युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला है। युवक की पहचान अर्जुन पात्रे के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला चोरी की कोशिश से जुड़ा लग रहा है, क्योंकि दुकान का टीन फाड़कर भीतर घुसने के प्रयास की आशंका जताई गई है। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसका रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का खुलासा हो पाएगा। (Crime in Chhattisgarh)



