छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का आतंक जारी, बीजापुर में IED ब्लास्ट, डीआरजी का जवान शहीद, तीन घायल

IED Blast in Bijapur : छत्तीसगढ़ में नक्सल हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को बड़े पैमाने पर आत्मसमर्पण के बावजूद सोमवार को नक्सलियों ने बीजापुर जिले में आईईडी ब्लास्ट (IED Blast in Bijapur ) कर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। इस हमले में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) का एक जवान शहीद हो गया और तीन अन्य घायल हुए।
यह भी पढ़े :- जमीन विवाद में बेटे ने की पिता और बुआ की हत्या, बहू ने सास को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
तलाशी अभियान के दौरान हुआ धमाका
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना बीजापुर के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में तब हुई जब DRG की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। विस्फोट में शहीद जवान की पहचान दिनेश नाग के रूप में हुई है। घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गरियाबंद में बरामद हुआ विस्फोटक
इधर, रविवार को गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए। यह कार्रवाई 19 लाख रुपये के इनामी चार नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद हुई थी।
बरामद सामग्री में चार बीजीएल राउंड, एक हैंड ग्रेनेड, 15 इंसास राउंड और मैगज़ीन, 15 जिलेटिन रॉड, 50 डेटोनेटर, एक एसएलआर मैगज़ीन और 16.50 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
चार नक्सली हुए सरेंडर
आत्मसमर्पण करने वालों में दीपक उर्फ भीमा मंडावी (डीवीसीएम) शामिल है, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम था। इसके अलावा कैलाश उर्फ भीमा भोगम और रनिता उर्फ पायकी (दोनों एरिया कमेटी सदस्य) पर 5-5 लाख का इनाम था। चौथे नक्सली की पहचान सुजीता उर्फ करम के रूप में हुई है, जिस पर 1 लाख रुपये का इनाम था। (IED Blast in Bijapur)



