अब पाकिस्तान कोई भी दुस्साहस करने से पहले सौ बार सोचेगा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजस्थान के जैसलमेर में आयोजित पारंपरिक कार्यक्रम ‘बड़ाखाना’ में सैनिकों को संबोधित किया और उनके साथ रात्रि भोज किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बड़ाखाना सिर्फ भोजन का आयोजन नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का अवसर है। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह परंपरा बहुत पुरानी है और आज भी इसलिए जीवित है क्योंकि यह हमें एक महत्वपूर्ण संदेश देती है- हम चाहे मंत्री हों, अधिकारी हों या सैनिक, हम सभी एक ही परिवार के अंग हैं। उन्होंने कहा कि आप सबके साथ भोजन करना यह दर्शाता है कि हम अपने पद से ऊपर उठकर एक परिवार हैं।
यह भी पढ़ें:- लठबंधन वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बड़ाखाना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेनाओं और सुरक्षा बलों में धर्म, भाषा और प्रदेश की विविधताएं हैं, लेकिन ऐसे अवसरों पर यह सभी विविधताएं एक ही थाली में एकजुट दिखाई देती हैं। उन्होंने सीमा क्षेत्रों में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने हाल के सालों में बॉर्डर एरिया में बड़े स्तर पर विकास गतिविधियां शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे इन क्षेत्रों में विकास होगा, वैसे-वैसे हमारे जवानों के लिए सुविधाएं भी बढ़ेंगी। (Defence Minister Rajnath Singh)
पाकिस्तान को कड़ी नसीहत
उन्होंने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ ही दिन पहले पाकिस्तान को कड़ी नसीहत दी गई है। अब वह कोई भी दुस्साहस करने से पहले सौ बार सोचेगा। अगर पाकिस्तान ने दोबारा कोई गलती की, तो उसे अच्छे से पता है कि उसके नतीजे क्या होंगे। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, उसे केवल स्थगित किया गया है। रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत के शत्रु, चाहे बाहरी हों या आंतरिक, कभी निष्क्रिय नहीं रहते, इसलिए हमें हमेशा सतर्क रहना होगा और उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखनी होगी। (Defence Minister Rajnath Singh)
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत का लक्ष्य स्पष्ट है- साल 2047 तक देश को एक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में हमारी सेनाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आप केवल सीमाओं के रक्षक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के अग्रदूत भी हैं। उन्होंने आगे कहा कि आपके परिश्रम, अनुशासन और बलिदान का प्रभाव राष्ट्र निर्माण की हर ईंट में दिखाई देता है। आपके मजबूत और युवा कंधों पर देश की सुरक्षा और विकसित भारत की नींव दोनों की जिम्मेदारी है। (Defence Minister Rajnath Singh)



