दिल्ली कोचिंग हादसे पर सदन में चर्चा, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सभी दलों को बैठक में बुलाया

Delhi Coaching Accident: संसद में मानसून सत्र के छठे दिन दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर में हुए कोचिंग हादसे का मुद्दा उठा। BJP, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने दिल्ली सरकार की लापरवाही पर सवाल उठाए। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि छात्र IAS परीक्षा की तैयारी के लिए दिल्ली आए थे, लेकिन दुख की बात है कि दिल्ली सरकार की आपराधिक लापरवाही के कारण उन छात्रों की जान चली गई। एक दशक से AAP दिल्ली में सत्ता भोग रही है, लेकिन दिल्ली के लोगों के लिए काम नहीं कर रही है। पिछले 2 सालों से MCD AAP के अधीन है और दिल्ली जल बोर्ड भी उनके अधीन है। मैं गृह मंत्रालय से मामले की जांच के लिए एक समिति बनाने का अनुरोध करती हूं।
यह भी पढ़ें:- भूपेश बघेल ने आदिवासियों को मकान से वंचित करने का पाप किया: केंद्रीय मंत्री शिवराज
केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बेसिक चीजें तक नहीं है। UPSC की तैयारी करने बच्चे जाते हैं, उनकी मौत हो जाती है। सपा प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि यह घटना दुखद है। योजना बनाना और एनओसी देना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सवाल यह है कि कौन जिम्मेदार हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है। यह अवैध निर्माण का सिर्फ एक मामला नहीं है। हम उत्तरप्रदेश में देख रहे हैं कि अवैध इमारतों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है, क्या यह सरकार यहां बुलडोजर चलाएगी या नहीं? (Delhi Coaching Accident)
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सभी दलों को बैठक में बुलाया
बता दें कि कार्यवाही शुरू होने से पहले ही कांग्रेस ने 27 जुलाई को IAS कोचिंग सेंटर हादसे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव रखा था। कांग्रेस सांसद डॉ. अमर सिंह ने स्टूडेंट्स की मौत की जवाबदेही की मांग की है। इधर, राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ ने दिल्ली हादसे पर चर्चा करते हुए कहा कि कोचिंग बाजार बन गया है। जब भी हम कोई न्यूज पेपर पढ़ते हैं तो पहले एक या दो पन्नों पर उनके विज्ञापन होते हैं। इस पर चर्चा जरूरी है। सभापति ने सभी दलों के नेताओं को मीटिंग के लिए बुलाया है। वहीं ओल्ड राजिंदर नगर की घटना को लेकर AAP कार्यालय के पास AAP सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को तितर-बितर करने के लिए दिल्ली पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। (Delhi Coaching Accident)



