Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर डेढ़ साल में 150 से ज्यादा मौतें, आखिर कब मजबूत होंगे सुरक्षा इंतजाम ? अब कोटा में ट्रैवलर नाले में गिरने से गई 8 की जान

Delhi Mumbai Expressway Accident: राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कोटा जिले में आज सुबह भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा एक ट्रैवलर पुलिया से नीचे नाले में गिर गया। हादसे में मध्यप्रदेश के 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि इस हादसे से पहले भी एक्सप्रेस-वे पर कई बड़े दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बीते डेढ़ साल में राजस्थान के सात जिलों से गुजरने वाले इस एक्सप्रेस-वे पर 150 से ज्यादा लोगों की मौत होने का आंकड़ा सामने आया है। दौसा और कोटा में कई गंभीर हादसे हुए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रहे हादसों की वजह क्या है और इन्हें रोकने के लिए सुरक्षा के स्तर पर क्या कदम उठाए जा रहे हैं ?

यह भी पढ़ें:- ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी, 2018 के मानहानि केस में 31 अक्टूबर को अगली सुनवाई

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी और कोटा जिलों से होकर गुजरता है। जानकारी के मुताबिक बीते डेढ़ साल में इन जिलों से गुजरने वाले एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटनाओं में 150 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इनमें दौसा और कोटा जिले में कई बड़े हादसे सामने आए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच तेज रफ्तार, वाहन चालकों की थकान, संभावित झपकी और सड़क सुरक्षा से जुड़े इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि सभी दुर्घटनाओं के कारण एक जैसे नहीं हैं। हर हादसे की परिस्थितियां अलग-अलग है। बीते कुछ महीनों में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसों की घटनाएं सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं। बस-ट्रेलर की टक्कर के बाद आग लगने से लेकर कार के पुलिया से नीचे गिरने तक अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। (Delhi Mumbai Expressway Accident)

दौसा में बस-ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग

जुलाई 2026 में राजस्थान के दौसा जिले में कोलवा थाना क्षेत्र के धनावड़ा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यात्री बस ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई और 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए थे। इसी महीने अलवर जिले के बड़ौदामेव क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हुई थी। यह घटना भी एक्सप्रेस-वे पर लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं की कड़ी में शामिल है। मार्च 2026 में अलवर जिले के रैणी क्षेत्र में शकुन ग्रुप के एमडी की कार पलटने से मौत हो गई थी। इस घटना ने भी एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की सुरक्षित आवाजाही और दुर्घटनाओं के कारणों को लेकर सवाल खड़े किए। कोटा जिले के कैथून क्षेत्र में मार्च 2026 में एक कार पुलिया से करीब 30 फीट नीचे गिर गई थी। इस हादसे में तीन दोस्तों की मौत हुई थी। वाहन के पुलिया से नीचे गिरने की घटना ने सड़क किनारे सुरक्षा इंतजामों और दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान की जरूरत को फिर सामने रखा।

कोटा में ट्रैवलर हादसा, भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे यात्री

17 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे कोटा जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल प्लाजा के पास एक ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे नाले में जा गिरा। वाहन में मध्यप्रदेश के यात्री सवार थे, जो भोपाल से खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। पुलिस के मुताबिक सभी यात्री आपस में रिश्तेदार थे और चार दिन के राजस्थान दौरे पर आए थे। हादसे में आठ लोगों की मौत हुई, जबकि 17 यात्री घायल हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रैवलर करीब 15 फीट नीचे गिरा था। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने आशंका जताई कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण छूट गया होगा। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। घायलों को बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़ने पड़े। बचाव अभियान में अंधेरे और नाले में मौजूद पानी व गाद के कारण भी परेशानी आई।

स्पीकर ओम बिरला ने घायलों से की मुलाकात

घायलों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में कई घायलों को सीपीआर और ऑक्सीजन सपोर्ट देना पड़ा। चिकित्सकों के मुताबिक कुछ यात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि कई के हाथ-पैर में फ्रैक्चर थे। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण आगे बैठे यात्रियों को ज्यादा चोटें आने की बात सामने आई। हादसे के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। उनके मुताबिक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे समेत दूसरे हाईवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर अध्ययन किया जा रहा है। इसके लिए कुछ बिंदु तय किए गए हैं और नवंबर में प्रस्तावित बैठक के बाद दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट को सुधारने की दिशा में काम किया जाएगा। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर शोक जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। (Delhi Mumbai Expressway Accident)

तेज रफ्तार, चालक की थकान और सड़क सुरक्षा पर सवाल

एक्सप्रेस-वे का उद्देश्य तेज और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है, लेकिन लगातार सामने आ रहे गंभीर हादसों के बीच सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा जरूरी हो गई है। दौसा में बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद आग लगने की घटना हो या कोटा में ट्रैवलर का पुलिया से नीचे गिरना, दोनों हादसों में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई। राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए बड़े हादसों की घटनाएं बताती हैं कि सड़क सुरक्षा को सिर्फ दुर्घटना के बाद की कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा जा सकता। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, नियमित निरीक्षण, चालक की थकान रोकने के उपाय और प्रभावी आपातकालीन व्यवस्था पर एक साथ काम करना होगा। बीते डेढ़ साल में 150 से ज्यादा मौतों का आंकड़ा सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जरूरत को रेखांकित करता है। अब देखना होगा कि प्रस्तावित बैठक के बाद ब्लैक स्पॉट सुधारने और हादसों की रोकथाम के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं, ताकि एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले लोगों की जान सुरक्षित रखी जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!