Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के मेस के खाने में मिला मरा हुआ मेंढक, सब्जी में ईल्ली और छाछ में मिले कीड़े

Dental College Mess: राजनांदगांव जिले के सुंदरा स्थित छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के मेस में छात्रों के लिए परोसे गए खाने में मरा हुआ मेंढक मिलने का मामला सामने आया है। घटना 7 जनवरी की रात की है, जब डिनर के दौरान एक छात्र की थाली से मरा हुआ मेंढक निकला। यह मामला लालबाग ग्रामीण थाना क्षेत्र का है। छात्रों का आरोप है कि मूंग की दाल में मिला मेंढक पूरी तरह पक चुका था, जिसे परोसा गया था। शिकायत मिलने के बाद जिला खाद्य और सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मेस का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अधिकारियों ने पाया कि थालियों में परोसे गए चावल में कीड़े भी मरे पड़े थे। इसके अलावा मेस में साफ-सफाई की कमी और कई खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी।

यह भी पढ़ें:- सड़क सुरक्षा और डिजिटल परिवहन सुधार के लिए नियमित समन्वय जरूरी: केंद्रीय मंत्री गडकरी

जांच के दौरान पाए गए गंभीर सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों की खामियों को देखते हुए विभाग ने मेस संचालन करने वाली संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला खाद्य अधिकारी तरुण बिरला ने बताया कि पके हुए खाने समेत अन्य खाद्य सामग्रियों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के डीन डॉ. एसके नंदा ने कहा कि मेस में परोसे गए खाने में मृत मेंढक मिलने की शिकायत की जांच की जा रही है। डीन ने बताया कि संस्था को समय-समय पर साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखने की हिदायत दी जाती है। हालांकि उन्होंने एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने की बात से इनकार किया।

दूसरे राज्यों से पढ़ने वाले भी प्रभावित

कॉलेज में देश के अलग-अलग राज्यों से छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं और खाने के लिए पूरी तरह मेस पर निर्भर रहते हैं। छात्रों ने कहा कि दूषित भोजन और उसमें मृत जीव मिलने से फूड पॉइजनिंग और बैक्टीरियल इन्फेक्शन जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। मामले के सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी और आक्रोश है। जिला खाद्य अधिकारी तरुण बिरला ने बताया कि जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्य सामग्रियों का निरीक्षण और सैंपल लिए हैं। कुछ कमियों के चलते मेस संचालक को नोटिस जारी किया गया है। एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त नहीं किए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कॉलेज में मेस व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों की चिंता बढ़ गई है। छात्र अब व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। (Dental College Mess)

Back to top button
error: Content is protected !!