महासमुंद में चौथी कक्षा के इंग्लिश पेपर में कुत्ते से जुड़े सवाल में राम का नाम, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

Mahasamund Ram Name Controversy: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कक्षा चौथी की अर्धवार्षिक परीक्षा का इंग्लिश का प्रश्न पत्र विवादों में घिर गया। प्रश्न था- मोना के कुत्ते का क्या नाम है ?, जिसके विकल्पों में शेरू, बाला, नो वन इज मेन्शन्ड और राम नाम शामिल थे। कुत्ते के नाम के विकल्पों में राम नाम जुड़ने से विवाद खड़ा हो गया। विश्व हिंदू परिषद समेत कई हिंदू संगठनों ने जमकर विरोध जताया। संगठन ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। प्रदर्शनकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी का पुतला फूंका और जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के मेस के खाने में मिला मरा हुआ मेंढक, सब्जी में ईल्ली और छाछ में मिले कीड़े
अभिभावकों और आम जनता ने भी सवाल उठाया कि कक्षा चौथी जैसे नन्हे बच्चों के पेपर में इस तरह का संवेदनशील प्रश्न कैसे शामिल हो गया। विरोध में संगठन और कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह सिर्फ तकनीकी गलती नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक और नैतिक दृष्टिकोण पर गलत असर डालने वाला सुनियोजित मामला हो सकता है। मामले के सामने आते ही शिक्षा विभाग पर दबाव बढ़ा। लोक शिक्षण संचालनालय ने महासमुंद के जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जो प्रश्न पत्र मुद्रित हुआ वह उनके विभाग की ओर से नहीं बनाया गया था और प्रिंटिंग प्रेस की गलती है। (Mahasamund Ram Name Controversy)

उन्होंने कहा कि अगर इससे किसी की भावना आहत हुई है तो हम क्षमा चाहते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है, जो 7 दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं विवाद के बीच लोक शिक्षण संचालनालय की जांच रिपोर्ट सामने आई है। जांच में महासमुंद जिला शिक्षा अधिकारी को दोषी ठहराया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक DEO की ओर से प्रेषित प्रश्न पत्र मुद्रित नहीं था और जानकारी होने के बावजूद किसी तरह की सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते जिला शिक्षा अधिकारी को दोषी माना गया है। (Mahasamund Ram Name Controversy)

NSUI ने भी जताया विरोध
रायपुर में NSUI ने भी विरोध जताया और इसे भाजपा सरकार की शिक्षा प्रणाली में गंभीर चूक बताया। संगठन ने कहा कि यह सिर्फ तकनीकी गलती नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की संवेदनहीनता और प्रशासनिक जिम्मेदारी की कमी है। NSUI ने चेतावनी दी कि अगर जांच में दोषियों को बचाने या मामले को दबाने का प्रयास किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। महासमुंद जिले में इस विवाद ने शिक्षा विभाग की विश्वसनीयता और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा कर दिया है। पूरे जिले में मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है और सबकी नजर अब समिति की जांच और विभागीय कार्रवाई पर टिकी है।



